नाबार्ड का आम महोत्‍सव कल से झारखंड राज्य सहकारी बैंक परिसर में

झारखंड
Spread the love

रांची। राज्य के विभिन्न जिलों में संचालित वाडी परियोजना और किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) के किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए नाबार्ड आम महोत्सव का आयोजन कर रहा है। आम महोत्सव 27 से 29 जून, 2023 तक रांची के शहीद चौक स्थित झारखंड राज्य सहकारी बैंक परिसर में किया जा रहा है।

हर साल नाबार्ड आम महोत्सव का आयोजन करता है। इसमें किसान बेहतर लाभ सुनिश्चित करते हुए उपभोक्ताओं को सीधे बिक्री करते हैं। महोत्सव का उद्घाटन 27 जून 2023 को पूर्वाहन 11 बजे किया जाएगा।

इस महोत्सव में नाबार्ड द्वारा वित्त पोषित परियोजनाओं से बोकारो, हज़ारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, साहिबगंज, देवघर, गुमला, लातेहार, खूंटी, गिरिडीह जिले के किसान भाग लेंगे। वे आम की विभिन्न किस्म जैसे मालदा, आम्रपाली, मल्लिका, दशहरी और हिमसागर के साथ भाग लेंगे।

चूंकि वर्ष 2023 को अंतर्राष्ट्रीय पोषक अनाज के रूप में मनाया जा रहा है।। इसलिए आम के साथ-साथ किसानों द्वारा उत्पादित मोटे अनाज और अन्य कृषि उत्पाद (सब्जियां, अचार, घी, सरसों तेल आदि) भी बिक्री के लिए रखे जाएंगे।

जानकारी हो कि इससे पहले दो दिवसीय आम महोत्सव का आयोजन 17 और 18 जून 2023 को नेशनल गेम्स हाउसिंग कॉम्प्लेक्स (एनजीएचसी), खेलगांव में नाबार्ड द्वारा किया गया था। इस महोत्सव मे किसान 95 क्विंटल आम और अन्य उत्पाद बेचकर 8 लाख रुपये की कमाई करने में सफल रहे।