मिल गया मन, पत्‍नी ने पति के खिलाफ केस लिया वापस, साथ रहने की खाई कसम

झारखंड
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। झालसा रांची के तत्वावधान और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष राजेंद्र बहादुर पाल के निर्देशन में मन का मिलन पखवाड़ा चलाया जा रहा है। यह 29 मई, 2023 से शुरू हुआ और 14 जून, 2023 तक चलेगा। इसका प्रचार-प्रसार पूरे जिले में किया जा रहा है। मध्यस्थता से सुलह सुनिश्चित करने को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। डालसा के पीएलबी इसका प्रचार-प्रसार गांव- गांव जाकर कर रहे हैं।

डालसा सचिव राजेश कुमार ने बताया कि सिविल कोर्ट परिसर स्थित मन का मिलन पखवाड़ा बेंच में अब तक 4 मुकदमों का निस्तारण आपसी सुलह समझौते के आधार पर किया जा चुका है। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी चंदन के यहां लंबित 2 वादों का निस्तारण 6 जून, 2023 को किया गया। यह 498 अ और चोरी से संबंधित केस एवं काउंटर केस था। दोनों केस के पक्षकार रेशमा परवीन एवं नसीम अंसारी ने आपसी सुलह के आधार पर दोनों वादों को समाप्त करने का निर्णय लिया।

अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी राज कल्याण के कोर्ट का चेक बाउंसिंग से संबंधित मुकदमे का निस्तारण मन का मिलन पखवाड़े के अंतर्गत 7 जून, 2023 को किया गया। इसमें परिवादी इमरान आजाद अंसारी को द्वितीय पक्षकार सुनील बाखला ने  3.75 लाख की रकम चेक के माध्‍यम से अदायगी कर आपस में केस सुलह कर लिया।

न्यायिक दंडाधिकारी पूजा कुमारी लाल के यहां घरेलू हिंसा अधिनियम से संबंधित मामला दर्ज कराया था। इसमें परिवादी सोनी कुमारी ने स्वेच्छा से अपने पति सतीश पांडे के विरुद्ध किये गये केस को सुलह के आधार पर समाप्त करने का निर्णय लिया। दोनों पति-पत्नी साथ रहने की कसमें खाईं। यह भी कहा कि उनका मन का मिलन हुआ है। इसलिए वे साथ-साथ राजी खुशी से रहेंगे।

डालसा सचिव ने बताया कि मन का मिलन पखवाड़ा 14 जून तक चलेगा। इसका लाभ आमजन अपने विवाद को सुलझाने के लिए कर सकते हैं। सिविल कोर्ट परिसर स्थित मन का मिलन पखवाड़े बेंच में सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक एक मध्यस्थ, डालसा सचिव एवं थाने से प्रतिनियुक्त एक अधिकारी उपस्थित रहते हैं। इनके सहयोग के लिए दो पीएलबी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। इन्हीं लोगों के समन्वित प्रयास से मामले सुलझाया जा रहे है।