प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से रांची के 6 लोगों को इलाज के लिए मिले 15 लाख

झारखंड
Spread the love

रांची। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से बीते 3 माह में 6 लोगों को असाध्य रोगों के इलाज के लिए 15 लाख रुपये मिले हैं। यह राशि संबंधित अस्पतालों को भेजी गई है, ताकि इनका बेहतर उपचार हो सके। रांची सांसद संजय सेठ की अनुशंसा पर यह राशि जरूरतमंदों को मिली है। सांसद ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया है।

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से असाध्य रोगों के उपचार के लिए हटिया निवासी रिद्धिका तिवारी को 3 लाख, कोकर निवासी सानवी राय को 3 लाख, रातू निवासी आशीष तिग्गा को 3 लाख, हरमू निवासी अभिजीत कुमार चंद्रवंशी को 3 लाख, पंडरा निवासी राजाराम सिंह को 2.5 लाख और खलारी निवासी उमा देवी को 50 हजार की राशि स्वीकृत की गई है। इनमें 2 मरीज कैंसर के मरीज हैं, जबकि अन्य लोग भी असाध्य रोगों से ही पीड़ित हैं। इन सबका उपचार वेल्लोर, मुंबई, पुणे, कोलकाता जैसे महानगरों में बड़े अस्पतालों में हो रहा है।

सांसद संजय सेठ ने बताया कि बीते 1 वर्ष में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा राहत कोष उनकी अनुशंसा पर 70 लाख से अधिक की राशि असाध्य रोगों के उपचार के लिए स्वीकृत की गई है। विगत 3 माह में प्रधानमंत्री ने 15 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा राहत कोष नागरिकों के असाध्य रोगों के उपचार के लिए हमेशा ही सांसद की अनुशंसा पर राशि प्रदान करता है।

सांसद ने बताया कि इसके लिए यह आवश्यक है कि जिस अस्पताल में उपचार हो रहा हो, वह अस्पताल प्रधानमंत्री कार्यालय के साथ संबद्ध हो। इसके अलावा इसका लाभ लेने के लिए आय प्रमाण पत्र, अस्पताल का स्टीमेट, आधार कार्ड जैसे दस्तावेज आवश्यक हैं।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सहृदयता है कि उन्होंने देश के नागरिकों के उपचार के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा राहत कोष को खुला रखा है। देश के नागरिक स्वस्थ हो, इसके लिए प्रधानमंत्री खुद चिंतित रहते हैं। इसी का परिणाम है कि आयुष्मान भारत जैसी योजना देश के हर नागरिक के लिए लाई गई है।