अमृतसर स्वर्ण मंदिर के पास जोरदार धमाका, कांप उठा इलाका

अन्य राज्य देश
Spread the love

अमृतसर। बड़ी खबर पंजाब के अमृतसर से आयी है। गोल्डन टेंपल के पास बीते पांच दिनों में तीन बार ब्लास्ट की घटना हुई है। सिख समुदाय के तीर्थ स्थल स्वर्ण मंदिर के पास तीसरा ब्लास्ट बीती रात हुआ। जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस ने छानबीन शुरू की।

पुलिस की शुरुआती छानबीन के बाद पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अमृतसर के गोल्डन टेंपल के आस-पास का इलाका अति सुरक्षित क्षेत्र में आता है। ऐसे में यहां हो रही ब्लास्ट की घटनाएं पुलिस-प्रशासन के लिए चुनौती बन गई है।

कुछ लोग इसे खालिस्तानी मुवमेंट से जोड़कर भी देख रहे हैं। इस तमाम हलचलों के बीच पंजाब पुलिस के वरीय अधिकारी ने बताया कि आज 11 बजे पंजाब के डीजीपी गौरव यादव प्रेस कॉफ्रेंस कर मामले की पूरी जानकारी देंगे।

जानकारी के अनुसार गोल्डन टेंपल के पास यह तीसरा ब्लास्ट स्वर्ण मंदिर के लंगर हॉल के करीब रात 12.10 बजे हुआ। धमाके की आवाज सुनते ही हड़कंप मच गया। स्वर्ण मंदिर मैनेजमेंट ने तुरंत इसके बारे में पुलिस को सूचना दी। रात को ही पुलिस ने वहां पहुंचकर धमाके वाली जगह को सील कर दिया। फोरेंसिक टीमें मौके से सैंपल ले रही हैं।


पंजाब पुलिस ने ट्वीट कर बताया कि इस धमाके के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इन पांच में से दो लड़का-लड़की सराय के 225 नंबर रूम में रुके हुए थे। उनसे एक संदिग्ध बैग भी बरामद हुआ है। दोनों गुरदासपुर के रहने वाले हैं। धमाके के बाद गोल्डन टेंपल और उसके आस-पास की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।

बता दें कि इससे पहले शनिवार और सोमवार को भी गोल्डन टेंपल के पास धमाका हुआ था। इनमें कम डेंसिटी वाले क्रूड बम का इस्तेमाल किया गया था।

बुधवार रात हुए धमाके के बाद पुलिस को घटनास्थल से एक चिट्‌ठी भी मिली है। इसे पुलिस अधिकारियों ने अपने कब्जे में ले लिया है। हालांकि, इस चिट्‌ठी में क्या लिखा है और यह धमाके से जुड़ी है या नहीं, इसके बारे में पुलिस अधिकारियों ने कुछ नहीं बताया।