Jharkhand : युवा उत्सव पर सीबीसी धनबाद ने लगाई चित्र प्रदर्शनी

झारखंड
Spread the love

बोकारो (Jharkhand)। केंद्रीय संचार ब्यूरो (धनबाद, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार) द्वारा युवा उत्सव के मौके पर 16 मई को बोकारो नेहरू युवा केंद्र के सहयोग से चित्र प्रदर्शनी लगाई गई।

बोकारो के सेक्‍टर 3 स्थित सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में आजादी के अमृत महोत्सव के थीम पर इसका आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन स्थानीय सांसद पशुपति नाथ सिंह ने किया।

सिंह ने कहा कि यह प्रदर्शनी काफी आकर्षक है। इसमें राज्य के स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों के साथ-साथ देश के स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में जो जानकारी प्रदर्शित की गई है। वह राष्ट्रभक्ति के लिए प्रेरित करती है।

इस दौरान केंद्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी ओंकार नाथ पाण्डेय ने सांसद को प्रदर्शनी की विशेषताओं के बारे में बताया।

प्रदर्शनी का अवलोकन करने आए सभी लोगों को न्यू इंडिया समाचार की प्रतियां भी भेंट की गई।

इस मौके पर स्कूल के प्राचार्य और शिक्षक, सांसद प्रतिनिधि, नेहरू युवा केंद्र बोकारो के जिला युवा अधिकारी गौरव कुमार, सीबीसी धनबाद  तकनीकी सहायक राज किशोर पासवान सहित स्कूल के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

इस अवसर पर युवा प्रतिभागियों द्वारा कई आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई। युवा उत्सव के दौरान झारखंड के अन्य क्षेत्रों में भी केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा युवा उत्सव के मौके पर चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।