कल रांची बंद, दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड सरकार द्वारा प्रस्तावित नयी नियोजन नीति के विरोध एवं 8 अप्रैल, 2023 को झारखंड पाहन महासंघ द्वारा बंद का आह्वान किया गया है। इसे देखते हुए विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था संधारण के लिए डीसी और एसएसपी ने संयुक्त आदेश जारी किया है। विधि-व्यवस्था एवं लोक परिशांति बनाये रखने के लिए दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं बलों की प्रतिनियुक्ति राजधानी रांची के विभिन्न क्षेत्रों में की गई है।

गश्ती दल

गश्ती दंडाधिकारी / पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल को धरना-प्रदर्शन के दौरान निरंतर आपस में समन्वय रखते हुए एवं अपने-अपने क्षेत्रों पर चौकस रहते हुए सघन रूप से गतिशील रहने का आदेश दिया गया है। मिथ्या/अफवाहों के कारण अनावश्यक भय, तनाव की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका को देखते हुए प्रत्येक प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को अपने-अपने क्षेत्र में विशेष निगरानी रखने का निदेश दिया गया है, जिससे अफवाहों का निराकरण त्वरित हो, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।

स्टेटिक प्रतिनियुक्ति

शांति एवं विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए स्टेटिक दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है। मोरहाबादी मैदान ओपी, राजभवन/जाकिर हुसैन पार्क, मुख्यमंत्री आवास सहित अन्य सभी संवेदनशील क्षेत्रों के संबंधित सभी थाना प्रभारियों को धरना-प्रदर्शन के मद्देनजर आसूचना संकलन करने एवं अपने-अपने क्षेत्र में  धरना-प्रदर्शन समर्थक द्वारा विधि-व्यवस्था प्रभावित करने वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां आवश्यकतानुसार पुलिस पदाधिकारी / बल की अतिरिक्त प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया है।

वैसे असामाजिक तत्व जो धरना-प्रदर्शन में शामिल होकर तोड़-फोड़ कर शांति व्यवस्था भंग कर सकते हैं, उन्हें चिन्हित कर उनके विरूद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है। 

जिला कम्पोजिट कंट्रोल रूम

शांति व्यवस्था एवं विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए जिला कम्पोजिट कंट्रोल रूम, में भी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

उपरोक्त प्रतिनियुक्तियां 8 अप्रैल, 2023 की सुबह 8 बजे कार्यक्रम के शांतिपूर्ण ढंग के समाप्ति के दो घंटे बाद तक प्रभावी रहेगा। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को ससमय अपने-अपने प्रतिनियुक्त स्थल पर पहुंच कर कारगर विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था तथा एहतियाती व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की कोई विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने न पायें। शांति भंग नहीं हो।

इसके साथ ही सभी थाना मोबाईल / ईको मोबाईल उक्त गश्ती दलों से लगातार समन्वय स्थापित करते रहेंगे, ताकि आवश्यकता पड़ने पर विधि व्यवस्था संधारण के लिए एक-दूसरे को सहयोग किया जा सके। परिचारी प्रवर, पुलिस केन्द्र, रांची / संबंधित थाना प्रभारी किसी पदाधिकारी की अनुपस्थिति में प्रतिस्थानी भेजना सुनिश्चित करेंगे। सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखना सुनिश्चित करेंगे।

अश्रु गैस का संचालन

अग्निशाम पदाधिकारी, रांची जाकिर हुसैन पार्क, मुख्यमंत्री आवास एवं जिला नियंत्रण कक्ष में 8 अप्रैल के पूर्वाहन 8 बजे तक अग्निशमन वाहन कर्मियों सहित प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करेंगे। अग्निशमन वाहन तथा अश्रु गैस का संचालन ठीक से हो इसके लिए प्रतिनियुक्ति से पूर्व इसका पूर्वाभ्यास करने का निर्देश दिया गया है।

रांची सिविल सर्जन को आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था के लिये एक-एक एम्बुलेंस, चिकित्सक,चिकित्सा कर्मी एवं सभी आवश्यक दवा एवं उपकरण के साथ जाकिर हुसैन पार्क के पास एक एम्बुलेंस प्रतिनियुक्त करने का आदेश दिया गया है।

पेयजल एवं चलंत शौचालय

पेयजल एवं चलंत शौचालय की व्यवस्था के लिए निगम के नगर आयुक्त से अनुरोध है कि उक्त अवसर पर मोरहाबादी साथ जाकीर हुसैन पार्क एक एम्बुलेंस प्रतिनियुक्त करना सुनिश्चित करेंगे।

सघन गश्ती

सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में सघन गश्ती करने और प्राप्त सूचना पर अपने वरीय प्रभारी को सूचना देते हुए आवश्यकतानुसार कार्रवाई करने का निदेश है।

विधि-व्यवस्था के सम्पूर्ण प्रभार में सदर अनुमंडल पदाधिकारी एवं सिटी एसपी रहेंगे। आवश्यकतानुसार अपने स्तर से अतिरिक्त प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करते हुए विधि-व्यवस्था संधारण के लिए सभी आवश्यक प्रबंध करेंगे।

मुख्यमंत्री आवास एवं सचिवालय के 200 मीटर की परिधि में रांची सदर अनुमंडल पदाधिकारी कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। उक्त क्षेत्र में किसी तरह के जुलूस, रैली, प्रदर्शन घेराव आदि आयोजित नहीं किये जा सकेंगे। ग्रामीण क्षेत्र में सभी अंचल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के वरीय प्रभार में रहेंगे।