jharkhand

Jharkhand : ऑफिस से गायब रह रहे सरकारी कर्मी, मुख्‍य सचिव ने दिए ये आदेश

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। झारखंड (Jharkhand) के सरकारी कर्मी ऑफिस से गायब रह रहे हैं। इसकी सूचना मुख्‍य सचिव सुखदेव सिंह तक पहुंची है। इसके बाद उन्‍होंने एक आदेश जारी किया है। इसकी सूचना उन्‍होंने सभी अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव को दी है।

मुख्‍य सचिव ने आदेश में लिखा है कि कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिए वर्ष 2015 से प्रवृत्त बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज करने की अनिवार्यता से राज्य कर्मियों को मार्च, 2020 से मुक्त रखा गया है। फलस्वरूप कतिपय विभागों एवं कार्यालयों में निर्धारित समयावधि के अनुसार पदाधिकारी और कर्मियों की उपस्थिति नहीं रहने की सूचना प्राप्त हो रही है।

जनहित, अनुशासन और राज्य सरकार की योजनाओं को ससमय लागू करने एवं इसका लाभ लाभार्थियों को ससमय सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से कार्यालयों में निर्धारित समयानुसार पदाधिकारियों कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराना आवश्यक है। उल्लेखनीय है कि सचिवालय और संलग्न कार्यालयों में कार्यावधि पूर्वाहन 10 बजे से अपराह्न 6 बजे तक निर्धारित है। मध्याह्न विश्रांति अपराह्न 1.30 बजे से 2 बजे तक है।

मुख्‍य सचिव ने कहा है कि राज्य सरकार के सभी कार्यालयों में पदाधिकारी और कर्मियों की उपस्थिति निर्धारित समयानुसार सुनिश्चित कराते हुए स्वयं भी इस अनुदेश का अनुपालन सुनिश्चित करना चाहेंगे।