यहां पुलिस वैन पर आत्मघाती हमला, 9 पुलिसकर्मियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत

दुनिया
Spread the love

पाकिस्तान। अभी-अभी बड़ी खबर पाकिस्तान से आ रही है। यहां बलूचिस्तान में कांस्टेबुलरी वैन (पुलिस वैन) पर आत्मघाती हमला हुआ है, जिसमें 9 पुलिसकर्मी मारे गए हैं। विस्फोट में 13 से ज्यादा पुलिसवाले घायल भी हुए हैं।

पाकिस्तानी मीडिया आउटलेट डॉन न्यूज के मुताबिक अटैक बलूचिस्तान के बोलन इलाके में हुआ है। पुलिस वैन बलूचिस्तान के सिबी से क्वेटा लौट रही थी। इस बीच जब वैन काछी सीमा से लगे कंबरी पुल पर पहुंची, तो अचानक धमाका हो गया।

इलाके के एसएसपी ने बताया कि घायलों को नजदीकी सिबी सिविल अस्पताल ले जाया जा रहा है। बम निरोधक दस्ते के साथ कई सुरक्षाकर्मी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

यहां बता दें कि बलूचिस्तान की जिस कांस्टेबुलरी पुलिस पर यह हमला हुआ है, उसका काम जेलों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा प्रदान करना है। फिलहाल किसी ने भी हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

बता दें कि पाकिस्तान में नवंबर 2022 में तहरीक-ए- तालिबान पाकिस्तान (TTP) और सरकार के बीच बातचीत टूटने के बाद से हमलों में तेजी आई है। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर अब्दुल कुदूस बिजेन्जो ने इस हमले की निंदा की है।

हाल ही में 17 फरवरी को पाकिस्तान के कराची में बड़ा आतंकी हमला हुआ था। हालांकि, कराची पुलिस मुख्यालय (KPO) में घुस आए सभी आतंकियों को पाकिस्तानी रेंजर्स ने ढेर कर दिया था। इस हमले में तीन आतंकियों के ढेर होने के के अलावा एक पुलिसकर्मी सहित 3 लोगों की भी मौत हुई थी, जबकि 11 लोग घायल हुए थे।

तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। आतंकी कराची पुलिस मुख्यालय (KPO) में घुस आए थे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी थी। कराची पुलिस मुख्यालय में घुसे इन आतंकियों के पास भारी विस्फोटक और हथियार थे, जिनसे ये लगातार हमला कर रहे थे।