रांची। होली से पहले झारखंड के मौसम (Jharkhand Weather) का मिजाज बदल गया है। राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में 8 मार्च को बारिश हुई। कल यानी 9 मार्च से राज्य के कई जिलों में तेज गति से हवा चलेगी। वज्रपात की भी आशंका है। यह जानकारी रांची मौसम केंद्र ने 8 मार्च को जारी बुलेटिन में दी। हालांकि हवा के रुख से इसमें बदलाव की संभावना भी है।
हल्की बारिश हुई
पिछले 24 घंटे में राज्य में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बारिश हुई। सबसे अधिक वर्षा 1.5 मिली मीटर गढ़वा केवीके में दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 31.2 सेल्सियस जमशेदपुर और न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस डालटनगंज में दर्ज किया गया।
अधिकतम पारा गिरा
मौसम में परिवर्तन आने के बाद पिछले 24 घंटे में मुख्य शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रांची का तापमान 4.8, जमशेदपुर का 2.2 और डालटनगंज का तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस गिरा है।
तापमान में गिरावट होगी
केंद्र के अनुसार राज्य में अगले 3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। इसके बाद अगले दो दिन इसमें धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
कल से दो दिन वज्रपात संभव
9 और 10 मार्च को राज्य के उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। वज्रपात होने की भी आशंका है। इस दौरान तेज हवा चल सकती है। इसकी गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। इसका असर साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, कोडरमा, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, रांची, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम जिले में पड़ने की संभावना है।
11 को यहां बारिश
राज्य के दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की उम्मीद है। इसका असर सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा, गुमला, खूंटी, रांची, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, धनबाद, कोडरमा, गिरिडीह में देखने को मिलेगा।
दो दिन गर्जन वाले बादल
12 और 13 मार्च को राज्य के दक्षिणी भागों में आंशिक के साथ गर्जन वाले बादल भी बन सकते हैं। इसका असर सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा देखने को मिलेगा। शेष भागों में आसमान मुख्यत: शुष्क और साफ रहेगा।
- खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार खबरें पढ़ सकते हैं। आपका अपना न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर सहित अन्य सोशल मीडिया के साथ सीधे गूगल पर जाकर भी जुड़ सकते हैं।
- अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेंजे।