साईं शाह कमेटी का 16 मार्च को रांची में सम्मेलन

झारखंड
Spread the love

  • अपने अधिकारों के लिए जुटेंगे समाज के हजारों लोग

रांची। राजनीति में अपनी भागीदारी, शिक्षा एवं विकास के लिए शाह समाज के लोग 16 मार्च को रांची में हुंकार भरेंगे। सोमवार को प्रेस से बात करते हुए ऑल इंडिया शाह साईं कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मो असीरुद्दीन शाह ने यह जानकारी दी।

शाह ने बताया कि 16 मार्च को रांची के मेन रोड स्थित अंजुमन प्लाजा हॉल में राज्यस्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया है। इसकी तैयारी के लिए कमेटी गठि‍त कर दी गई है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष की अध्यक्षता में गठित कमेटी में मौलाना कफील अहमद कैफी हजारीबाग, अंजुम रामगढ़, मो यूनुस अमीन रांची एवं गौस आजम बोकारो के नाम शामिल हैं।

कमेटी झारखंड के हर जिले का दौरा करेगी। बिरादरी के लोगों को संगठित होकर आवाज बुलंद करने एवं सम्मेलन को कामयाब बनाने का आह्वान करेगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आजादी के बाद से हमारे समाज के लोगों को आज तक राजनीतिक भागीदारी नहीं मिली। सामाजिक राजनीतिक भागीदारी के लिए हम सम्मेलन के माध्यम से हुंकार भरेंगे।

असीरुद्दीन शाह ने कहा कि भारत के कोने-कोने में फैले एवं बिखरे हुए शाह समाज के लोगों को संगठन संगठित करेगा। आज सरकार की अनदेखी के कारण हमारे समाज के लोग विलुप्त होते जा रहे हैं।

हमें ना राजनीति में भागीदारी मिल रही है और ना समाज के विकास के लिए सरकार विशेष पहल कर रही है। ऐसे में हमें ज़रूरत है कि एकजुट होकर अपने अधिकार के लिए आवाज बुलंद करें।