ताजिकिस्‍तान में फंसे झारखंड के मजदूरों के घर आई राहत की खबर, कोडरमा सांसद ने दी ये जानकारी

झारखंड
Spread the love

गिरिडीह। ताजिकिस्‍तान में फंसे झारखंड के मजदूरों के घर राहत भरी खबर आई है। कोडरमा सांसद सह शिक्षा राज्‍यमंत्री अन्‍नपूर्णा देवी ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है।

जानकारी हो कि झारखंड के 36 प्रवासी मजदूर ताजिकिस्तान में फंसे हुए हैं। उन्‍होंने सोशल मीडिया के माध्यम से वतन वापसी की गुहार लगाई है। उनकी मदद के लिए भारत सरकार एवं झारखंड सरकार के नाम त्राहिमाम संदेश भेजा गया है। ये मजदूर झारखंड के गिरिडीह, बोकारो, हजारीबाग और धनबाद जिले के रहनेवाले हैं।

मजदूरों ने बताया है कि जिस कंपनी में वे काम कर रहे थे, उसने चार महीने से वेतन नहीं दिया है। पैसे के अभाव में सभी दाने-दाने को मोहताज हैं। मजदूर चार महीने पूर्व बिष्णुगढ प्रखंड के खरना के पंचम महतो के माध्यम से ट्रांसमिशन लाइन का काम करने ताजिकिस्तान गए थे। वहां जाकर फंस गए।

कोडरमा सांसद ने जानकारी दी कि ताजिकिस्तान में फंसे बगोदर (गिरिडीह), बोकारो एवं हजारीबाग के श्रमिकों की सकुशल स्वदेश वापसी का मार्ग प्रशस्त हो गया है। मेरा कार्यालय निरंतर ताजिकिस्तान के भारतीय दूतावास के सम्पर्क में है। दूतावास के अधिकारी भारतीय श्रमिकों के सम्पर्क में हैं। शीघ्र ही शुभ समाचार प्राप्त होगा।