काम करने महाराष्‍ट्र गया था कांडी का मजदूर, हो गई मौत, घर में कोहराम

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत खुटहेरिया पंचायत के गोसांग गांव निवासी कृष्णा मिस्त्री के 34 वर्षीय पुत्र दिलीप विश्वकर्मा की मौत महाराष्‍ट्र में हो गई। घटना बुधवार रात की है। घटना की सूचना मिलते घर में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार मृतक एक सप्ताह पूर्व ही महाराष्‍ट्र के नासिक स्थित जीवीपीआर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में मजदूरी करने गया था। काम के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। मृतक अपने पीछे पत्नी प्रियंका देवी व इकलौता एक वर्ष का पुत्र छोड़ चला। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

पंचायत मुखिया अनिता देवी ने शोक प्रकट करते हुए बताया कि यह हृदय विदारक घटना है। इससे घर-परिवार व गांव में सन्नाटा छा गया है। मृतक अत्यंत ही गरीब परिवार से था। अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए मजदूरी करने उक्त कम्पनी में गया था, जहां उसकी मौत हो गई।

मुखिया ने कम्पनी से मुआवजा के रूप में 40 लाख रुपए की मांग की है, जिससे उसके परिवार का भरण-पोषण हो सके। बच्चे को अच्छी शिक्षा मिल सके। उन्होंने उपायुक्त से भी परिजनों को उचित मुआवजा देने और शव को घर तक लाने में मदद की गुहार लगाई है। उपायुक्त ने हर सम्भव मदद करने का आश्वासन दिया है।

उपमुखिया अतीश सिंह ने दुःख जाहिर करते हुए कहा कि उक्त युवक ही घर-परिवार के लिए एक कमाऊ व्यक्ति था। मृतक की मां धनेश्वरी देवी, पिता कृष्णा विश्वकर्मा दोनों दिव्यांग हैं। पिता एक आंख से अंधा व मां तुतली है। जमीन तो नाम मात्र का ही है। उक्त मृतक का पूरा परिवार गरीबी झेल रहा है। उन्‍होंने उचित मुआवजे की मांग की है।