अमेरिकी राष्ट्रपति की रेस में कूदीं भारतीय मूल की निकी हेली, ट्रंप को देंगी चुनौती 

नई दिल्ली देश
Spread the love

नई दिल्ली। भारतीय मूल की दक्षिण कैरोलाइना की पूर्व गवर्नर निकी हेली ने मंगलवार को कहा कि वह 2024 में रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन की मांग करेंगी। ट्रंप प्रशासन के कार्यकाल में संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की दूत रहीं निकी हेली ने 2024 के राष्ट्रपति चुनाव के लिए रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से उम्मीदवारी हासिल करने के लिए अपने अभियान की शुरुआत कर दी है। 51 वर्षीय हेली दो बार दक्षिण कैरोलाइना की गवर्नर रह चुकी हैं। 

इससे पहले ट्रंप अपनी पार्टी की तरफ से 2024 में राष्ट्रपति पद के नामांकन के लिए दावेदारी करने वाले एकमात्र रिपब्लिकन थे। ट्रंप ने पिछले ही साल व्हाइट हाउस के लिए अपनी दावेदारी पेश की थी। अब उन्हें भारतीय मूल की महिला से सीधी टक्कर मिलेगी। हेली ने अपनी अगली योजनाओं के संबंध में एक वीडियो जारी किया है। निकी हेली ने वीडियो में कहा, “मैं निकी हेली हूं और मैं राष्ट्रपति पद की रेस में शामिल हूं।”

हेली ने अपने अभियान की घोषणा करते हुए वीडियो में कहा, “राजकोषीय जिम्मेदारी को फिर से खोजने, हमारी सीमा को सुरक्षित करने और हमारे देश, हमारे गौरव और हमारे उद्देश्य को मजबूत करने के वास्ते यह नई पीढ़ी के नेतृत्व का समय है।”

हेली ने कहा, “चीन और रूस आगे बढ़ रहे हैं। उन्हें लगता है कि हमें धमकाया जा सकता है, लात मारी जा सकती है।” हेली ने कहा, “आपको मेरे बारे में यह पता होना चाहिए: मैं धमकाने वालों से डरती नहीं हूं। मैं निकी हेली हूं और मैं राष्ट्रपति के लिए दौड़ रही हूं।”