गजब की सरकारी व्‍यवस्‍था, आ गई मौत, पर नहीं मिली वृद्धा पेंशन

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। गजब की सरकारी व्‍यवस्‍था है। यहां मौत आ जाती है। हालांकि किसी वृद्धा को पेंशन नहीं मिलती है। यह वाक्‍या गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत लमारी कला पंचायत के सबुआं गांव की है। गांव के निवासी नरेश पासवान की 65 वर्षीया पत्नी कर्मी देवी की मौत बुधवार को हो गई।

परिजनों ने बताया कि कर्मी देवी के पूरे शरीर में अचानक दर्द हुआ। इलाज के लिए परिजनों द्वारा भाड़े पर निजी वाहन से अस्पताल ले जाया जा रहा था कि रास्ते में ही मौत हो गई। शव को घर पर लाया गया, जहां परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

मृतका अत्यंत निर्धन परिवार से है। किसी प्रकार बनिहारी और मजदूरी कर पूरे परिवार को चलाती थी। बड़ी बात तो यह कि मृतका की उम्र 65 होने के बाद मरते दम तक भी वृद्धा पेंशन योजना का लाभ नहीं मिला।

मृतका के पति नरेश पासवान गांव-घर में मजदूरी कर पूरे परिवार को चलाते हैं। तय उम्र सीमा पार कर चुके हैं। इसके बाद भी उन्हें वृद्धा पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है।

इतना ही नहीं मृतका के घर में अब तक भी बिजलीकरण नहीं हुआ है। पूरा परिवार अभी भी ढिबरी युग में रहने को विवश है।

मृतका का एक पुत्र संजय कुमार है। वह पढ़ा-लिखा युवक है। उसकी शादी हो चुकी है। बच्चे भी हैं। वह छतीसगढ़ में मजदूरी करता है। उसके आने के बाद गुरुवार को उसकी मां का अंतिम संस्कार किया जाएगा।