Jharkhand Weather News

Jharkhand : उत्तर भारत से गुजर रहा है वेस्‍टर्न डिस्‍टबेंस, ये होगा असर

झारखंड मौसम
Spread the love

रांची। उत्तर भारत से एक वेस्‍टर्न डिस्‍टबेंस (पश्चिम विक्षोभ) गुजर रहा है। इसका प्रभाव झारखंड में भी देखने को मिलेगा। इसकी वजह से सर्दी से थोड़ी राहत मिलेगी। कई जिलों में न्‍यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। यह जानकारी रांची मौसम केंद्र के प्रमुख अभिषेक आनंद ने 11 जनवरी को दी।

आनंद के मुताबिक पिछल 24 घंटे में राज्‍य में मौसम शुष्‍क रहा। राज्‍य में कहीं-कहीं पर हल्‍के दर्जे का कोहरा छाया रहा। एक-दो स्‍थानों पर शीतलहर भी चली। सबसे अधिक तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया। न्‍यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस खूंटी केवीके में दर्ज किया गया।

केंद्र प्रमुख ने बताया कि राज्‍य में अगले तीन दिनों के दौरान रात के तापमान में धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके बाद अगले दो दिन तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की उम्‍मीद है।

रांची मौसम केंद्र के मुताबिक 12 और 13 जनवरी तक सुबह में धुंध छाया रहेगा। बाद में आसमान मुख्‍यत: साफ रहेगा। मौसम शुष्‍क रहेगा।

14 जनवरी को राज्‍य के उत्तरी भागों में सुबह में धुंध छाया रहेगा। बाद में आंशिक बादल छा सकते हैं। इसका असर पलामू, गढ़वा, चतरा, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह आदि जिलों में देखने को मिलेगा। राज्‍य के शेष भागों में आसमान मुख्‍यत: साफ रहेगा। मौसम शुष्‍क रहेगा।

तापमान में हो रहे उतार-चढ़ाव को देखते हुए लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। घर से बाहर निकलने से पहले वे गर्म कपड़े जरूर पहनें। बच्‍चे और बूढ़ों का खासतौर पर ख्‍याल रखने की जरूरत है। बूढे़ सुबह में टहलने से परहेज करें। बच्‍चों को पूरी तरह ढंककर रखें।