सिंगापुर। किडनी की परेशानी से जूझ रहे आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को पुत्री रोहिणी आचार्य सोमवार को अपनी किडनी देंगी।
लालू की सात बेटियों एवं दो बेटों में रोहिणी दूसरे नंबर की बेटी हैं। फिलहाल सिंगापुर के एक अस्पताल में वह किडनी ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया से गुजर रही हैं। अस्पताल जाने से पहले रोहिणी ने अपनी भावना का इजहार करते हुए कहा है कि आम आवाम के लिए लालू प्रसाद का स्वस्थ रहना जरूरी है। इसलिए उन्होंने ऐसा साहसिक फैसला लिया।
लालू यादव को अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। प्रारंभिक परीक्षण के दौर से रोहिणी पहले ही गुजर चुकी हैं। उनके पति एवं ससुराल के परिजनों ने भी सहमति दे दी है। ट्रांसप्लांट के लिए उन्हें भी रविवार की देर रात भर्ती किया जाएगा। सबकुछ ठीक पाए जाने पर सोमवार को ट्रांसप्लांट के लिए सर्जरी होगी।
रोहिणी की किडनी अभी 90 से 95 प्रतिशत तक काम कर रही है। इस हिसाब से एक किडनी 45 प्रतिशत से अधिक काम कर सकती है। लालू की अपनी दोनों किडनी 28 प्रतिशत काम कर रही है। ट्रांसप्लांट के बाद लगभग 70 प्रतिशत काम करने लगेगी।
स्वास्थ्य के लिहाज से इतना काफी माना जाता है। इस बीच, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव एवं राजद के राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव शनिवार की रात सिंगापुर के लिए रवाना हो गए हैं। राबड़ी देवी एवं मीसा भारती पहले से ही सिंगापुर में हैं।
लालू को सिंगापुर के माउंट एलिजाबेथ अस्पताल में किडनी ट्रांसप्लांट किया जाना है। इसी अस्पताल में भाजपा के पूर्व सांसद आरके सिन्हा, अमर सिंह एवं अभिनेता रजनीकांत की किडनी भी बदली गई थी। कहा जाता है कि अंग ट्रांसप्लांट के मामले में सिंगापुर का कानून लचीला है और इस अस्पताल की सफलता दर भी अधिक है। 373 बिस्तर वाले इस अस्पताल को 1976 में शुरू किया गया था। संचालन एक निजी संस्था पार्कवे हेल्थ द्वारा किया जाता है।
अस्पताल में प्रस्थान करने से कुछ घंटे पहले रोहिणी ने लालू प्रसाद के लिए अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। लालू की दूसरे नंबर की बेटी रोहिणी ने लिखा है कि ईश्वर को उन्होंने नहीं देखा है, लेकिन ईश्वर के रूप में पापा को देखा है।