गिरिडीह। झारखंड के प्रवासी मजदूरों की मौत लगातार हो रही है। गिरिडीह के एक मजदूर की गुरुवार को राजस्थान में ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मृतक बगोदर थाना क्षेत्र के घाघरा का रहने वाला था। काम के सिलसिले में राजस्थान गया था।
जानकारी के अनुसार मृतक का नाम धानेश्वर महतो (40) है। उसकी मौत राजस्थान में रेलवे लाइन का काम के दौरान ट्रेन से कटकर हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजन सकते में आ गये। घटना के कारण के बारे में अभी तक पूरी जानकारी नहीं मिल सकी है। मृतक राजस्थान में टाटा पॉवर कंपनी में कार्यरत था।
प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले समाजसेवी सिकंदर अली धानेश्वर की मौत पर संवेदना प्रकट किया। उन्होंने कहा कि झारखंड के नौजवानों के मौत के मुंह में समा जाने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई लोगों की मौत हो चुकी है। रोजी-रोटी की तलाश में परदेस गये प्रवासी झारखंडी मजदूरों की मौत का सिलसिला जारी है। हर रोज झारखंड के किसी न किसी इलाके से प्रवासी मजदूर की दूसरे राज्यों या विदेश में मौत की खबरें आ रही है।
सिकंदर के अनुसार प्रवासी मजदूरों की सबसे ज्यादा तादाद गिरिडीह, हजारीबाग और बोकारो से है। अपना घर छोड़कर परदेस गये इन मजदूरों की जिंदगी कष्ट में बीतती है। मौत के बाद भी उनकी रूह को चैन नसीब नहीं होता है। किसी की लाश हफ्ते भर बाद आती है तो किसी को 3 महीने भी लग जाते हैं। ऐसे में सरकार को रोजगार के ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि मजदूरों का पलायन रोका जा सके।