रांची। सरकारी स्कूलों की छुट्टी में बदलाव किया गया है। इसका आदेश रांची जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय ने 20 अक्टूबर को जारी कर दिया। इसकी सूचना संबंधित शिक्षा पदाधिकारी सहित स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को दे दी गई है।
जारी आदेश में कहा गया है कि प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा अभ्यावेदन दिया गया था। इसके अनुसार इस कार्यालय द्वारा 8 अक्टूबर, 2022 को घोषित ईद मिलाद-उन नबी अवकाश के स्थान पर उर्दू विद्यालयों में 9 अक्टूबर, 2022 को छुट्टी घोषित की गई थी।
साथ ही, 8 अक्टूबर, 2022 को सभी कोटि के प्रारंभिक विद्यालयों का संचालन निर्धारित समय के अनुसार करने का आदेश दिया गया था। इस संबंध में प्राथमिक शिक्षक संघों द्वारा उर्दू विद्यालय को छोड़कर अन्य कोटि के विद्यालयों में 8 अक्टूबर, 2022 को रद्द किये गये अवकाश के बदले छुट्टी समायोजन का अनुरोध किया गया है।
आदेश में कहा गया है कि उक्त आलोक में 8 अक्टूबर के स्थान पर 28 अक्टूबर, 2022 को सभी कोटि के प्रारंभिक विद्यालयों में (उर्दू विद्यालय को छोड़कर) अवकाश घोषित किया जाता है।
जानकारी हो कि यह आदेश रांची जिले के स्कूलों के लिए प्रभावी है।