- इंडिया से भारत की ओर विषय पर व्याख्यान का आयोजन
रांची। आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर ‘इंडिया से भारत की ओर’ विषय पर एक दिवसीय व्याख्यान का आयोजन 16 सितंबर को किया गया। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (एबीआरएसएम) और आरटीसी बीएड कॉलेज की एनएसएस इकाई के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम हुआ। प्राचार्य डॉ रंजीत कुमार ने इसकी अध्यक्षता की।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता रांची विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग की प्राध्यापिका सह एबीआरएसएम की प्रदेश महिला प्रमुख डॉ सुनीता कुमारी गुप्ता थी। उन्होंने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव के आयोजन के पीछे भारत के अमर शहीदों को नमन करते हुए वर्तमान भारत के युवा वर्ग को इंडिया से भारत की ओर अग्रसर होना भी है। भारतीय संस्कृति, परंपरा, परिवार भाव सहित कई विशिष्ट गुणों के आधार पर भारत दुनिया के लिए अनुकरणीय रहा है।
डॉ गुप्ता ने कहा कि मुगल, अंग्रेजों ने हमारी इन विशेषताओं पर कुठाराघात करके भारतीयों के मन में गलत धारणाओं को भरने का काम किया है। उन्होंने युवा पीढ़ी से भारतीय चिंतन, अध्यात्म, दर्शन एवं बहुमूल्य संस्कारों से प्रेरणा लेते हुए वर्तमान भारत में इसे अक्षुण्ण रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि आर यू के एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ ब्रजेश कुमार ने कहा कि भारत के गौरवशाली अतीत को युवा पीढ़ी के अंदर जागृत करना अति आवश्यक है। भारत शिक्षा, तकनीकी, आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, विज्ञान, कला, शिल्प सहित कई क्षेत्रों में अग्रणी रहा है। दुनिया का नेतृत्व किया है। हमें स्वदेशी को युगानुकूल एवं विदेशी को स्वदेशानुकूल भाव से नए भारत को गढ़ने में सभी को सकारात्मक प्रयास करना होगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। स्वागत प्राचार्य डॉ रंजीत कुमार ने किया।
कार्यक्रम को आरटीसी बीएड कॉलेज के निदेशक डॉ रुद्र नारायण महतो, मनोरंजन प्रसाद, डॉ नरेश मिश्रा, ऋचा पदमा, डॉ नीकू कुमारी, रेणु मिश्रा, विनोद प्रसाद, चंदा बानो, रजनीकांत आदि ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ नीकू कुमारी एवं सुबोध कुमार ने संयुक्त रूप से किया। धन्यवाद डॉ प्रिया पाण्डेय ने किया।