चंडीगढ़ वि‍श्‍वविद्यालय की 60 छात्राओं का नहाते हुए वीडियो वायरल, हंगामा

अन्य राज्य देश मुख्य समाचार
Spread the love

पंजाब। चंडीगढ़ विश्वविद्यालय (CU) की छात्राओं का नहाते हुए वीडियो वायरल हुआ है। इसके बाद विश्‍वविद्यालय में जमकर हंगामा हुआ। विद्यार्थियों ने विरोध प्रदर्शन किया। मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी को पकड़ लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक लड़कियों का नहाते समय वीडियो एक छात्रा ने बना लिया। इसके बाद उस वीडियो को उसने अपने एक साथी को भेज दिया। उसके साथी ने इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

छात्राओं के कथित आपत्तिजनक वीडियो के लीक और वायरल होने की जानकारी मिलते ही हंगामा मच गया। चंडीगढ़ विश्वविद्यालय (CU) के छात्रों ने कल रात विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने इस घटना से संबंधित लोगों की जान जाने और घायल होने का आरोप लगाया है।

बताया जा रहा है कि वीडियो वायरल होने के बाद शर्म से करीब आठ बच्‍च‍ियों ने आत्‍महत्‍या करने की कोशिश की है। हालांकि पंजाब राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष मनीषा गुलाटी ने कहा कि इस मामले में झूठ फैलाया गया कि कुछ बच्चियों ने आत्महत्या कर ली है। ये सब अफवाह है। ना किसी बच्ची ने आत्महत्या किया है और ना ही कोई अस्पताल में है।

मनीषा गुलाटी ने कहा कि जिस लड़की ने ये वीडियो वायरल किया, उस पर अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धारा 354(C) आईटी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कड़ी कार्रवाई होगी। अगर ये सब पहले से चल रहा था तो मैं आपको आश्वासन देती हूं कि ये गहन जांच का विषय है। इस मामले पर मेरी नजर रहेगी।

पंजाब राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि यह गंभीर मामला है। बहुत दुखद है। इस मामले की जांच की जा रही है। मैं यहां सभी छात्रों के माता-पिता को आश्वस्त करने के लिए हूं कि आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

मोहाली के एसएसपी विवेक शील सोनी ने बताया कि कल शाम एक मामला सामने आया था कि एक लड़की ने वीडियो बनाया था। बाद में अफवाह फैली की और भी वीडियो बनाए गए हैं। इसके लिए यहां के कुछ छात्रों ने प्रदर्शन किया। मामले में एफआईआर लिखी गई है। आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। यहां पर किसी की मृत्यु नहीं हुई है।

पंजाब के स्कूल शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के छात्रों से शांत रहने की अपील की है। उन्हें आश्वासन दिया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता सोम प्रकाश ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस को गंभीर कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं हों।