नीतीश की जदयू में घमासान; मंत्री लेशी सिंह ने अपनी ही इस विधायक को पांच करोड़ रुपए की मानहानि का भेजा नोटिस, जानें पूरा मामला

बिहार देश
Spread the love

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू में घमासान मचा है। विधायक बीमा भारती और सीएम नीतीश कुमार की करीबी मंत्री लेशी सिंह का मामला एक बार फिर निकल कर सामने आया है। ऐसे में जदयू में टूट होते नजर आ रही है।

इस बार लेशी सिंह ने एक्शन लिया है। जेडीयू कोटे से खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह ने बीमा भारती के खिलाफ 5 करोड़ रुपये की मानहानि का नोटिस भेजा है। नोटिस मिलने के बाद जेडीयू विधायक बीमा भारती ने भी जवाब देते हुए कहा कि दो दिनों के भीतर वे इस नोटिस का जवाब देंगी।

5 करोड़ के नोटिस की जानकारी देते हुए जेडीयू विधायक बीमा भारती ने कहा कि लेशी सिंह के बारे में हम जो कहे थे वो गलत नहीं कहे थे। मीडिया में बयान देने के बाद हमारी तबीयत खराब हो गयी थी। इसके बाद हम हॉस्पिटल में एडमिट थे। अभी भी तबीयत ठीक नहीं है।

हॉस्पिटल से घर पहुंची, तो पता चला की मंत्री लेशी सिंह ने मेरे खिलाफ पांच करोड़ का नोटिस भेजा है। उन्होंने कहा कि लेशी सिंह पर हमने जो आरोप लगाए थे, वो गलत नहीं था बिल्कुल सही आरोप है।

लेशी सिंह हत्या करवायी थी उनके खिलाफ साक्ष्य भी है और कोर्ट में केस भी किया हुआ है, लेकिन इसके बावजूद वो मंत्री पद पर बनी हुई हैं। बीमा भारती ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से लेशी सिंह को मंत्री पद से हटाने की मांग की है।

बीमा भारती ने बताया कि जेडीयू कोटे की मंत्री लेशी सिंह पर पूर्णिया के रिंटू सिंह की हत्या का आरोप है। उन्होंने लेशी सिंह पर जातिवाद करने का भी आरोप लगाया है।

यहां बता दें कि, बीते दिनों बीमा भारती ने मंत्री लेशी सिंह पर हमला बोला था। लेशी सिंह के खिलाफ बयान दिया था, जिसके बाद जेडीयू कोटे से मंत्री लेशी सिंह ने जेडीयू विधायक के खिलाफ लीगल नोटिस भेज दिया है।