पटना। गुरुवार को बिहार के गन्ना उद्योग मंत्री कार्तिक कुमार ने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सौंप दिया। मुख्यमंत्री नीतीश ने उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए राज्यपाल फागू चौहान को अपनी अनुशंसा भेज दी।
कार्तिक कुमार अब राज्यमंत्री परिषद के सदस्य नहीं रहे। गन्ना उद्योग विभाग का अतिरिक्त प्रभार राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री आलोक कुमार मेहता को दिया गया है। इससे पहले कार्तिक कुमार का विभाग बदल दिया गया था।
कानून मंत्रालय की जगह उन्हें गन्ना मंत्रालय दिया गया था। वहीं अब उन्होंने नीतीश मंत्रिमंडल से ही इस्तीफा दे दिया है। बता दें कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनी महागठबंधन की सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के बाद से ही कार्तिक कुमार सुर्खियों में आ गए थे।
कार्तिक कुमार के खिलाफ अपहरण के मामले में वारंट जारी हुआ था, जिसको लेकर बीजेपी ने नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साथा था। कल ही कार्तिक कुमार का विभाग बदला गया था। उन्हें गन्ना उद्योग मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन मंत्रालय का कार्यभार ग्रहण करने से पहले ही उन्होंने इस्तीफा दे दिया।
गन्ना उद्योग विभाग का अतिरिक्त प्रभार राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री आलोक कुमार मेहता को दिया गया है। वहीं शमीम अहमद अब बिहार के नए कानून मंत्री बनाए गए हैं।