ब्रिटेन। जीवन का शाश्वत सत्य है मृत्यु। जन्म लेने के साथ ही व्यक्ति की मौत का समय भी तय हो जाता है। ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का गुरुवार को निधन हो गया। वह 96 वर्ष की थीं। अब उनके सबसे बड़े बेटे प्रिंस चार्ल्स ब्रिटेन के नए महाराजा होंगे।
एलिजाबेथ द्वितीय ब्रिटेन पर सबसे लंबे समय तक राज करने वाली शाही हस्ती रहीं। वह 70 साल शासन के शीर्ष पर रहीं। अब एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद उनके सबसे बड़े बेटे प्रिंस चार्ल्स ब्रिटेन के नए महाराजा होंगे।
73 वर्षीय चार्ल्स ने कहा, “मेरी प्यारी मां, महामहिम महारानी का निधन, मेरे और मेरे परिवार के सभी सदस्यों के लिए सबसे बड़े दुख का क्षण है।” चार्ल्स ब्रिटिश सिंहासन पर काबिज होने वाले सबसे उम्रदराज हैं।
उन्होंने एक बयान जारी कर कहा, “हम एक महान साम्रज्ञी और एक बहुत प्यारी मां के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं। मुझे पता है कि पूरे देश, लोक, राष्ट्रमंडल और दुनियाभर के अनगिनत लोगों द्वारा गहराई से उनकी कमी महसूस की जाएगी।”
चार्ल्स ने कहा कि शोक और बदलाव की इस अवधि में महारानी को मिले व्यापक सम्मान और गहरे स्नेह से उन्हें और उनके परिवार को सांत्वना और बल मिलेगा।
यहां बता दें कि, एलिजाबेथ काफी समय से बीमार चल रही थीं। डॉक्टरों ने उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई थी और देखरेख में रहने की सलाह दी थी।
6 सिंतबर को जब महारानी ने आखिरी बार सार्वजनिक उपस्थिति दी थी, तो लोगों को उनकी सेहत को लेकर थोड़ी राहत मिली थी लेकिन, इसके दो दिन बाद ही उनका निधन हो गया।
इसी साल जून में ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने शासन के 70 साल पूरे किए थे। इस मौके पर चार- दिवसीय प्लैटिनम जुबली समारोह आयोजित किया गया था। इस दौरान उनके बड़े बेटे प्रिंस चार्ल्स और प्रिंस विलियम ने महारानी को सम्मानित किया था।