गोद लिए गांवों के घरों में तिरंगा फहराएंगे एनएसएस स्वयंसेवक

झारखंड
Spread the love

  • हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने की बनी रणनीति

रांची। देश की आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम होना है। इसके आलोक में रांची विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू डॉ राजकुमार शर्मा की अध्यक्षता में एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारियों की ऑनलाइन बैठक 9 अगस्त, 2022 को हुई। इसमें कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई।

इस अवसर पर डीएसडब्‍ल्‍यू ने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम का उद्देश्य आज की युवा पीढ़ी में प्रचंड देशभक्ति का भाव विकसित करना है। आजादी का अमृत महोत्सव के माध्यम से देश के उन अमर शहीदों का नमन करते हुए उनके बलिदान की गाथा का स्मरण कर उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करनी है।

एनएसएस के विश्वविद्यालय कार्यक्रम समन्वयक डॉ ब्रजेश कुमार ने कहा कि पूरे देश में हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत एनएसएस के माध्यम से गोद लिए गांवों में तिरंगा फहराया जाएगा। वहां के नागरिकों के बीच देशभक्ति से ओत- प्रोत नुक्कड़ नाटक और गीत-संगीत के माध्यम से अमर शहीदों को स्मरण कराने का काम किया जाएगा।

रांची विश्वविद्यालय में 12 एवं 13 अगस्त को बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। दोनों कार्यक्रमों के मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस होंगे। रांची विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ अजित कुमार सिन्हा भी शामिल होंगे।

बैठक में रांची, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा एवं खूंटी के लगभग 45 एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी शामिल हुए। इनमें डॉ कमल कुमार बोस, डॉ कुमारी उर्वशी, अनुभव चक्रवर्ती, डॉ सुषमा एक्का, डॉ अरुण पाण्डेय, डॉ ज्योति प्रकाश, डॉ मौसमी कुमार, डॉ हेमंत कुमार, डॉ सीमा सुरीन, डॉ पम्पासेन विश्वास, डॉ पुष्पा सुरीन, डॉ निर्मला सैमुअल भी शामिल थे।

ये निर्णय लिये गये

  • आरयू के आर्यभट्ट ऑडिटोरियम में 12 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में एनएसएस के 250 स्वयंसेवक शामिल होंगे। इसके लिए महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय के विभागों से शामिल होने वाले स्वयंसेवकों का निर्धारण किया गया।
  • हर घर तिरंगा के तहत 13 अगस्त को प्रभात फेरी सुबह 6.30 बजे से राजभवन से निकाली जाएगी। इसमें एनएसएस के लगभग 1000 स्वयंसेवक शामिल होंगे। प्रभात फेरी राजभवन से निकलकर मोरहाबादी स्थित बेसिक साइंस बिल्डिंग परिसर तक जाएगी। प्रभात फेरी में स्वयंसेवक एक भारत-श्रेष्ठ भारत केंद्रित देश के कई राज्यों की परंपरागत पोशाकों के साथ शामिल होंगे। एक छात्रा भारत माता के वेश में प्रभात फेरी में शामिल होगी। अपने हाथ में तिरंगा लेकर सबसे आगे चलेगी।
  • प्रभात फेरी में शामिल सभी के हाथों में तिरंगा रहेगा। कार्यक्रम समाप्ति के बाद सभी तिरंगा ले जायेंगे, जिन्हें अपने घरों में लगाएंगे।
  • एनएसएस द्वारा गोद लिए गए गांव और स्लमों में तिरंगा फहराया जाएगा। तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। प्रत्येक इकाइयों द्वारा 14 अगस्त को स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न चौक-चौराहे पर स्थित महापुरुषों की मूर्तियों की साफ सफाई कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।