कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की हालत नाजुक, एम्स में अभी भी वेंटिलेटर पर

नई दिल्ली देश
Spread the love

नई दिल्ली। लोकप्रिय हास्य अभिनेता राजू श्रीवास्तव की हालत नाजुक है और उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के गहन चिकित्सा कक्ष में जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है।

अस्पताल के सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। बुधवार को दिल का दौरा पड़ने के बाद 58 वर्षीय श्रीवास्तव को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी एंजियोप्लास्टी की गई।

एक सूत्र ने बताया ‘‘उनकी हालत नाजुक है और वह आईसीयू में जीवन रक्षक प्रणाली पर हैं।” श्रीवास्तव का इलाज डॉ. नितीश नाइक की निगरानी में किया जा रहा है।

श्रीवास्तव के रिश्ते के भाई अशोक श्रीवास्तव ने कल बताया था कि हास्य कलाकार को व्यायाम करते समय दिल का दौरा पड़ा।

अशोक श्रीवास्तव ने कहा था, ‘‘वह नियमित व्यायाम कर रहे थे और ट्रेडमिल पर दौड़ते समय, वह अचानक गिर गए। उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उन्हें तत्काल एम्स अस्पताल ले जाया गया।”

अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि राजू श्रीवास्तव की पत्नी शिखा श्रीवास्तव भी दिल्ली आ गई हैं, ताकि वह अपने पति के पास रह सकें।