रांची। अभी-अभी खबर आ रही है सीएम हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में यूपीए की बैठक खत्म हो गयी है। यूपीए की बैठक खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन नेतरहाट रवाना हो गये।
बैठक से बाहर निकलने के बाद विधायकों ने कहा कि शाम 7 बजे फिर से बैठक होगी। सभी एमएलए को रात्रिभोज में जुटने के लिए कहा गया है। राजभवन के फैसले के बाद आगे की रणनीति तय की जायेगी।
यहां बता दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को नेतरहाट फील्ड फायरिंग रेंज विरोध समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना है। इसलिए वह नेतरहाट गये हैं और शाम तक रांची लौट आयेंगे।
पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने विधायकों के छत्तीसगढ़ या बंगाल जाने के सवाल को सिरे से नकार दिया। कहा कि कोई कहीं नहीं जा रहा है। हम झारखंड में हैं।
मुख्यमंत्री अपना काम कर रहे हैं। वह नेतरहाट गये हैं। झारखंड में हमारी सरकार है और किसी विकल्प की जरूरत नहीं। हम फिर बैठेंगे। यह पूछे जाने पर कि सरकार ने विधायकों की निगरानी के लिए खुफिया विभाग के लोगों को काम पर लगाया है, श्री ठाकुर ने कहा कि हम सभी विधायक और मंत्री स्वतंत्र हैं। कोई निगरानी नहीं हो रही है।
इधर झामुमो विधायक विकास मुंडा से पत्रकारों ने पूछा कि आगे क्या प्लान है, तो उन्होंने कहा कि अगर प्लान होगा, तो आपको बता देंगे क्या। हमारे पास पूर्ण बहुमत है। किन लोगों को ज्यादा चिंता हो रही है, वह स्पष्ट दिख रहा है। उन्होंने कहा हम सभी विधायक यहीं हैं। ख्यालों में बहुत सी चीजें चल रही हैं।
रिसोर्ट पॉलिटिक्स भाजपा का हथियार है। हमें ये सब करने की जरूरत नहीं है। हमारे विरोधी दल जो सोच रहे हैं, उसका समुचित जवाब हम देंगे।
हेमंत सोरेन कैबिनेट के मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलमगीर आलम ने कहा कि भाजपा ने ही हमें सिखाया है। अगर हम विधायकों को एकजुट रख रहे हैं, तो इसमें क्या गलत है। यह पूछे जाने पर कि मीटिंग में क्या हुआ, उन्होंने कहा कि कल से जो कयास लगाये जा रहे थे कि राज्यपाल से नोटिस आयेगा, उस पर चिंतन-मनन करने के लिए हमने बैठक बुलायी थी। अब तक कोई नोटिस नहीं मिला है। क्या हमलोग बाहर जा रहे हैं। हम स्पष्ट कर दें कि हमारे विधायक एकजुट हैं। अपने विधायकों, मंत्रियों पर हमें पूरा विश्वास है। हमारे विधायक रांची में ही रहेंगे। कहीं नहीं जायेंगे।