राजधानी रांची में फिर हादसा : बिजली मिस्त्री को लगा करंट, हालत गंभीर

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के कांके प्रखंड में फिर बड़ी घटना घटी है। सीआइपी के सीपीडब्लू विभाग के ठेकेदार के अंतर्गत कार्यरत बिजली मिस्त्री जावेद खान को करंट लगा। इससे वह गंभीर रूप से जख्‍मी हो गया। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्‍पताल में भर्ती कराया गया।

घटना बुधवार शाम लगभग 5 बजे की है। जावेद खान 11 हजार वोल्ट का करंट लगने से गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद जावेद को देवकमल अस्पताल इलाज के लिए लाया गया। जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

जावेद के साथ काम कर रहे बिजली मिस्त्री ने बताया कि सीआइपी कैंपस की लाइट पूरी तरह कटी हुई थी। उसे ठीक करने जावेद महुआ टोली कांके सब स्टेशन पहुंच कर ऑपरेटर से शटडाउन लिया। उसके बाद सबस्टेशन स्थित सीआइपी की फीडर पर हाइटेंशन वायर का फ्यूज जोड़ने के क्रम में करंट का तेज झटका लगने से जावेद जमीन पर गिर गया।

करंट के झटके से जावेद का दाहिना हाथ और पैर बुरी तरह जल गया। घटना की जानकारी मिलते ही सबस्टेशन के अधिकारी पहुंच कर जांच में जुट गये कि शटडाउन लेने के बाद भी जावेद को करंट कैसे लगी।

जानकारी हो कि बीते 14 अगस्‍त को कांके प्रखंड के बोड़या में घर के ऊपर तिरंगा लगाने के दौरान बिजली तार की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई थी। इसमें एक भाई और दो बहनें शामिल थी।