मुंबई। मुंबई के एक फाइव स्टार होटल में बच्चे को जन्म देने के बाद एक 41 वर्षीय महिला पर अपने बच्चे को टॉयलेट के डस्टबिन में डालने का मामला दर्ज किया गया है।
मामले की जानकारी सामने तब आई जब हाउसकीपिंग स्टाफ का एक सदस्य आठवीं मंजिल पर बने टॉयलेट को साफ करने के लिए गया और उसे बच्चे के रोने की आवाज आई। तब होटल के कर्मचारियों ने पुलिस को सूचित किया और महिला के खिलाफ एनएम जोशी मार्ग पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। बच्चे को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गोरेगांव (पूर्व) की रहने वाली आरोपी का पता लगाया। महिला ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि वह होटल में किसी काम से आई थी, लेकिन अचानक प्रसव पीड़ा के कारण उसने टॉयलेट में बच्चे को जन्म दिया। उसका पति से निजी विवाद था और इसलिए उसने बच्चे को वहीं छोड़ दिया।