रांची। झारखंड प्रदेश शिक्षक संघर्ष मोर्चा के सभी घटक संघ एवं महासंघ ने रांची के बिरसा मुंडा स्टेडियम में एनएमओपीएस की ओर से आहूत सम्मेलन को पूर्ण समर्थन दिया है। इसमें शामिल होकर इसे ऐतिहासिक बनाने की अपील की है।
मोर्चा के शैलेंद्र कुमार सुमन, अमीन अहमद, विजय बहादुर सिंह, अरुण कुमार दास, मंगलेश्वर उरांव, आशुतोष कुमार, सुधांशु कुमार सिंह ने उक्त कार्यक्रम को सफल बनाने में भूमिका निभाने की घोषणा की है। साथ ही, राज्य के सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं पदाधिकारियों से उक्त सम्मेलन में शरीक होकर इसे ऐतिहासिक बनाने की अपील की। इसे लेकर मोर्चा के संयोजकमंडल के सदस्यों ने 20 जून को ऑनलाइन बैठक कर उक्त निर्णय लिया।
सदस्यों ने कहा कि 2004 से ही पुरानी पेंशन योजना के स्थान पर नई पेंशन योजना लागू की गई थी। यह ना तो राज्य और ना ही कर्मचारी हित में है। यह राज्य की नीति निर्देशक तत्व के विरुद्ध है। साथ ही, जन भावना के प्रतिकूल है। राज्य सरकार ने सकारात्मक कदम उठाते हुए रोडमैप तैयार कर पुरानी पेंशन योजना को बहुत जल्द लागू करने का संकल्प को दोहराया है।
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ झारखंड प्रदेश, झारखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ, झारखंड राज्य उर्दू शिक्षक संघ, झारखंड स्टेट प्राइमरी टीचर एसोसिएशन ने एकस्वर में सरकार के इस कदम को सराहा।