
आनंद कुमार सोनी
लोहरदगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जिलों को अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। इसके आलोक में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा दिये गए आदेश पर पूरे जिले में क्रशर, बालू, बॉक्साइड, अवैध रूप से खनन करने वाले के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के क्रम में 4 जून, 2022 को सदर थाना क्षेत्र के ओएना टुंगरी स्थित स्टोन वर्क्स, जाहिद अख्तर स्टोन वर्क्स, अख्तर अंसारी स्टोन वर्क्स, पीके स्टोन वर्क्स, जाहिद स्टोन वर्क्स के क्रेशर का निरीक्षण किया गया। स्टॉक पंजी, लाइसेंस की जांच की गई। पीस जी मिनिरल्स के बॉक्साइट भंडारण, ज्ञानचंद्र अग्रवाल के कुटमु स्थित बॉक्साइट भंडारण की भी जांच की गई।
इसके अलावा भक्सो स्थित शिव मंदिर के पीछे अवैध बालू खनन कर भंडारण की सूचना के आलोक में छापामारी की गई। करीब 2500 (CFT) बालू को जब्त किया गया। इस संबंध में सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
छापामारी अभियान में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सदर, थाना प्रभारी सदर एवं पुलिस जवान शामिल हुए।
उधर, कुडू थाना में अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी द्वारा 2 ट्रैक्टर गिट्टी बिना चालान के परिवहन करते जब्त किया गया।