पैगंबर टिप्पणी विवाद : यूपी में अब तक 255 गिरफ्तार, 13 FIR, 2 शहरों में चला बुलडोजर

उत्तर प्रदेश देश
Spread the love

उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद हुई हिंसा के मामले में अब तक कुल 13 एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने 255 लोगों को गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया, ‘‘प्रयागराज में 68, हाथरस में 50, सहारनपुर में 64, अंबेडकरनगर में 28, मुरादाबाद में 27, अलीगढ़ में तीन, जालौन में दो और फिरोजाबाद में 13 लोग गिरफ्तार किए गए हैं।

प्रयागराज और सहारनपुर में तीन-तीन प्राथमिकी दर्ज करने के अलावा फिरोजाबाद, अलीगढ़, हाथरस, मुरादाबाद, अंबेडकरनगर, खीरी और जालौन में एक-एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि सहारनपुर और प्रयागराज में गिरफ्तार लोगों के खिलाफ कड़े राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की जाएगी।

उधर, सहारनपुर में शुक्रवार को हुई हिंसा के दो आरोपियों के मकानों को पुलिस ने शनिवार को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। बता दें कि बीते तीन जून को जुमे की नमाज के बाद कानपुर के कुछ हिस्सों में हिंसा भड़क गई थी।