रांची। मॉनसून के आगे बढ़ने की स्थिति अनुकूल है। उत्तरी बंगाल की खाड़ी में इसका एप्रोच हो रहा है। आने वाले दो-तीन दिनों में पूर्वोत्तर राज्यों में भी यह प्रवेश करेगा। सिक्किम और आसपास में भी इसका आगमन होगा। उक्त जानकारी रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने 1 जून को दी।
आनंद ने बताया कि झारखंड में भी मॉनसून को लेकर स्थिति सामान्य है। यहां भी सामान्य तिथि में ही मॉनसून का आगमन देखने को मिलेगा। राज्य में अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
2 से 5 जून तक गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज और आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
6 और 7 जून को राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की उम्मीद है।
मौसम केंद्र के अनुसार 2 जून को गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज में कहीं-कहीं गर्जन और वज्रपात होने के साथ तेज हवा चल सकती है। इसकी गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा होने की संभावना है।