पूर्णिया। बिहार में एक ट्रक अनियत्रित होकर पलट गया। इसपर बोरबेल लदा था। इस घटना में 8 मजदूरों की मौत हो गई। मृतक राजस्थान के रहने वाले थे। घटना बिहार के पूर्णिया जिले के जलालगढ़ थाना क्षेत्र के काली मंदिर के नजदीक 23 मई को घटी।
जानकारी के मुताबिक बोरबेल लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलटने से 8 मजदूर की मौत हो गई। सभी मजदूर राजस्थान के रहने वाले थे। ट्रक में 16 मजदूर सवार थे। सभी अगरतला से जम्मू जा रहे थे। इसी बीच ट्रक जलालगढ़ के पास अनियंत्रित होकर डायवर्सन से टकराकर पलट गया।
मृतकों में कांति परमार, रामा जी परमार, काबा राम परमार, मणिलाल परमार, ईश्वर लाल, बसु लाल, हरि और रघुवंश शामिल है। सभी मृतकों को थाना लाया गया है। पोस्टमार्टम कर परिजनों को शव सौंपा जाएगा। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है।
घटना के बाबत इंस्पेक्टर राज किशोर शर्मा ने कहा कि बोरवेल की पाइप लेकर ट्रक अगरतला से जम्मू जा रहा था। इस गाड़ी में 16 मजदूर सवार थे, जिसमें 8 मजदूर हादसे के शिकार हो गए। ट्रक पलटने के बाद मजदूर के शरीर पर बोरवेल की पाइप गिर गई।
जलालगढ़ के बीडीओ लोकेंद्र यादव ने कहा कि परिवहन नियमों के अनुसार मुआवजे की राशि देने की प्रक्रिया शुरू की गई है। सभी मृतक के आश्रितों को मुआवजा दिया जाएगा।