विवेक चौबे
गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनगढ़ गांव के बोरांग टोला स्थित दक्षिण दिशा की ओर जंगल में युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। मृतक की पहचान बरडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत सलगा गांव निवासी रामजी रजवार के 35 वर्षीय पुत्र कमलेश रजवार के रूप में की गई। वह अपने ससुराल आया था।
कांडी पुलिस ने सोमवार दोपहर करीब 12 बजे एक युवक की शव संदिग्ध अवस्था में बरामद की। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त युवक बीते 26 मई को अपने घर सलगा से ससुराल कांडी प्रखंड के नैनाबार गांव निवासी झरी रजवार के घर आया था। उक्त युवक ने अपने ससुर झरी रजवार से अपनी पत्नी सुनीता देवी को विदाई करने की बात कही।
बताया जाता है कि जब उसके ससुर द्वारा सुनीता की विदाई नहीं की गई, तब वह पत्नी और ससुराल वालों से नोकझोंक कर 27 मई को रतनगढ़ गांव के दक्षिण दिशा की ओर चोराटी पहाड़ी के जंगल की तरह निकला। वहां पेड़ में लटक कर आत्महत्या कर लिया। शव से काफी दुर्गंध आ रही थी।
थाना प्रभारी फैज रब्बानी ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेजा। उसके पास से एक मोबाइल भी जब्त की गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पत्नी व उसके ससुराल वालों द्वारा गुमशुदगी का मामला कांडी थाना में दर्ज कराया गया था। पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।