हमले और रंगदारी का ऐसा डर कि इस प्रख्यात सर्जन ने छोड़ दिया झारखंड का यह शहर

झारखंड
Spread the love

धनबाद। यहां भय के माहौल में अब काम करना मुश्किल हो गया है। जहां जीवन के 25 साल दे दिए, अब वहां रहने में डर लग रहा है। लोगों का भी सहयोग नहीं मिल रहा है। ऐसे में धनबाद में अब रहना ही नहीं है। जिले से बाहर चला आया हूं और बाहर ही शिफ्ट होने की तैयारी कर रहा हूं। वापस धनबाद नहीं आना है।

यह अल्फाज हैं धनबाद जिले के जाने-माने सर्जन डॉ समीर कुमार के। मंगलवार की देर रात वह एक प्रिंट मीडिया से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि मार्च से ही छोटू सिंह फोन कर धमकी दे रहा है। एक करोड़ रंगदारी व हर माह पांच लाख रुपए देने को कहा जा रहा है। नहीं देने पर जान मारने की धमकी दे रहा है। उन्होंने कहा कि आईएमए के साथ पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई, लेकिन कोई पहल नहीं की गई।

फोन आने का सिलसिला जारी है। उन्होंने कहा कि मामले में लिखित शिकायत एसएसपी को दी गई। उनसे मिल कर कार्रवाई की मांग की गई। प्रशासन पर भरोसा है। लेकिन डर-डर कर जीने से अच्छा है, इस शहर को छोड़ कर चले जाएं। आखिर उनका भी परिवार है। इधर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने डॉक्टरों पर हो रहे हमले व रंगदारी के विरोध में नौ मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की है।