23 मई को रिलीज होगी दिवंगत राजीव कपूर की आखिरी फिल्म ‘तुलसीदास जूनियर’

देश मनोरंजन
Spread the love

मुंबई। पिछले साल ही ऋषि कपूर के छोटे भाई और अभिनेता राजीव कपूर का हार्ट अटैक से निधन हो गया था। उन्होंने अपनी आखिरी फिल्म ‘तुलसीदास जूनियर’ की शूटिंग पूरी कर ली थी। इसके बाद उनका निधन हुआ था। अब इस फिल्म की रिलीज डेट घोषित हो गई है।

राजीव की ‘तुलसीदास जूनियर’ 23 मई को दर्शकों के बीच आने वाली है। इसके साथ ही साथ ही मेकर्स ने एक टीजर वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें अभिनेता रणबीर कपूर स्नूकर खेलते हुए नजर आए हैं। इस फिल्म से तीन दशक बाद राजीव अभिनय की दुनिया में वापसी करने वाले थे। यह एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है। इसमें संजय दत्त और वरुण बुद्धदेव मुख्य भूमिकाओं में हैं।

फिल्म एक 13 साल के लड़के के इर्दगिर्द घूमती है, जो स्नूकर की खेल में अपने पिता की हार का बदला लेता है। इस लड़के की भूमिका वरुण बुद्धदेव निभा रहे हैं। इस फिल्म का लेखन और निर्देशन मृदुल महेंद्र ने किया है। आशुतोष गोवारिकर ने फिल्म का निर्माण किया है। राजीव को ‘राम तेरी गंगा मैली’ में उनके अभिनय के लिए याद किया जाता है। उन्होंने 1983 में फिल्म ‘एक जान हैं हम’ से फिल्मों में अपना डेब्यू किया था।

इसके बाद उन्होंने फिल्म ‘प्रेम ग्रंथ’ का निर्देशन किया था। इसके अलावा राजीव ने फिल्म ‘आसमान’, ‘लवर बॉय’ जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया। अंतिम बार वह 1990 में फिल्म ‘जिम्मेदार’ में अभिनय करते दिखे थे।