रांची। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (एबीआरएसएम) की रांची विश्वविद्यालय इकाई की बैठक आरयू के एचआरडीसी सभागार में 7 मई को हुई। इसकी अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष डॉ प्रीतम कुमार ने की।
इस अवसर पर संघ के राष्ट्रीय उच्च शिक्षा प्रभारी महेंद्र कुमार ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के अमर सेनानियों को याद करने से सभी के अंदर देशभक्ति का भाव विकसित होता है। स्वतंत्रता का अमृत महोत्सव आयोजित करने के पीछे देश के ऐसे गुमनाम स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए उन्हें सबके सामने लाना है।
डॉ कुमार ने कहा कि झारखंड के कई विश्वविद्यालयों में स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव वर्ष पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन करना, कई महाविद्यालयों में एक व्याख्यान करना, महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय में विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन करना है। पूरे देश में शैक्षिक महासंघ द्वारा राष्ट्रीय, प्रांतीय एवं विश्वविद्यालय स्तरीय स्वतंत्रता का अमृत महोत्सव आयोजन समिति का गठन करना है।
एबीआरएसएम के प्रदेश अध्यक्ष डॉ प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव का आयोजन करना किसी भी देश के लिए गर्व की बात है। भावी पीढ़ी को सेनानियों के पराक्रम की जानकारी मिलती है।
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ प्रीतम कुमार ने कहा कि झारखंड के गुमनाम अमर शहीदों के बारे अध्ययन करके उनकी जीवनी पर पुस्तकों का प्रकाशन करके उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी जाएगी।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि 8 मई 2022 (रविवार) को राज्यस्तरीय प्रांतीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें झारखंड के सभी विश्वविद्यालयों के प्राध्यापक शामिल होंगे। उक्त कार्यशाला में स्वतंत्रता का अमृत महोत्सव के कार्यक्रमों की राज्यस्तरीय रूपरेखा तय की जाएगी।
आज की बैठक में रांची विश्वविद्यालय शैक्षिक संघ के पदाधिकारी डॉ सुदेश साहू, डॉ बिनोद नारायण, डॉ सुनीता गुप्ता, डॉ पूनम निगम सहाय, डॉ कुमुद कला मेहता, डॉ स्मृति सिंह, डॉ सुनीता कुमारी, डॉ अनुराधा कुमारी, डॉ राज श्रीवास्तव, डॉ अभिषेक गुप्ता, डॉ बैद्यनाथ कुमार, डॉ उमेश कुमार, डॉ धीरेंद्र त्रिपाठी, डॉ भारती द्विवेदी, डॉ सीमा केसरी, डॉ सोनी तिवारी, डॉ शशिशेखर दास, डॉ राजेश कुमार, डॉ रामकेश पाण्डेय सहित कई प्राध्यापक उपस्थित रहें।
बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री डॉ ब्रजेश कुमार और धन्यवाद विश्वविद्यालय महामंत्री डॉ ज्योति प्रकाश ने किया। कल्याण मंत्र से बैठक समाप्त की गई।