- कुलपति ने छात्रों को अनुशासन में रहने एवं जीने की सीख दी
रांची। झारखंड की राजधानी रांची के कांके स्थित बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के रांची वेटनरी कॉलेज में दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता ‘आखेट’ शुरू हुई। इसका उद्घाटन कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह ने 11 मई को किया। मौके पर कुलपति ने छात्र एवं छात्राओं के दलों के मार्च पास्ट की सलामी ली। मशाल जलाकर आखेट-2022 के खेल स्पर्धा के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की। कुलपति ने खेल में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं में स्वस्थ माहौल में खेल के लिए जोश भरी और छात्रों का उत्साहवर्धन किया।
कुलपति ने कहा कि खेलकूद हमें अनुशासन में रहने और अनुशासन में जीने की सीख देता है। छात्र जीवन में खेल स्पर्धाओं का बड़ा महत्व है। जीवन में सकारात्मक सोच एवं विचार के लिए खेल एक जरूरी अंग है। छात्र पूरी जोश एवं तैयारी के साथ भाग ले। इससे जीवन में स्पर्धा एवं प्रतियोगिता में सफल होने की प्रेरणा मिलती है।
स्वागत भाषण में डीन वेटनरी डॉ सुशील प्रसाद ने कोविड-19 के बाद आयोजित आखेट-2022 में भाग ले रहे छात्रों के जोश एवं अधिकाधिक भागीदारी की प्रशंसा की। छात्रों के खेल भावना की शपथ दिलाई। मौके पर डीन पीजीएस डॉ एमके गुप्ता ने भी आखेट-2022 के प्रति अपने विचारों को रखा। धन्यवाद आयोजन सचिव डॉ प्रवीण कुमार ने किया। मौके पर डॉ जगरनाथ उरांव, डॉ एके पांडे, डॉ विनय कुमार, डॉ एचसी लाल, डॉ सुरेश मेहता भी मौजूद थे। कॉलेज के प्ले ग्राउंड में आउटडोर स्पर्धा का आयोजन देर शाम तक चला।
गुरुवार को अपराहन 3.30 बजे आयोजित समापन समारोह में सभी स्पर्धाओं के विजेताओं को मेडल एवं पुरुस्कार प्रदान किया जायेगा। समारोह में झारखंड ओलिंपिक एसोसिएशन के सेक्रेटरी जनरल एवं एथेलीटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के कोषाध्यक्ष डॉ मधुकांत पाठक भी मौजूद रहेंगे।