झारखंड : अमीर-ए-तबलीगी जमात के हाजी के जनाजे के नमाज में पथराव, हंगामा

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में अमीर-ए-तबलीगी जमात हाजी गुलाम सरवर के जनाजे के नमाज में लोगों का हुजूम उमड़ा। नमाज के दौरान इसपर पथराव किया गया। इसके बाद लोग उग्र हो गये। उन्‍होंने जमकर वबाल काटा। वहां आसपास खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की। इस दौरान अफवाह फैलने पर दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने हो गये। काफी मशक्‍कत के बाद पुलिस ने मामले को शांत कराया। हालात को देखते हुए वहां पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक घटना 23 अप्रैल की रात करीब 10.50 बजे की है। झारखंड-बिहार के अमीर-ए-तबलीगी जमात के हाजी गुलाम के जनाजे का नमाज राजधानी रांची के हरमू रोड स्थित ईदगाह पहुंचा। इसमें हजारों की संख्‍या में लोग शामिल थे। अधिक भीड़ होने के कारण लोग हरमू रोड मुख्‍य मार्ग पर भी नमाज पढ़ने लगे। इस दौरान असमाजिक तत्‍वों ने भीड़ पर पथराव किया। पथराव होते ही लोग उग्र हो गये। वहां खड़े पीसीआर वैन और कई अन्‍य वाहनों में तोड़फोड़ की। कई दुकानों को भी तोड़ा गया। करीब आधे घंटे तक हंगामा होता रहा।

बवाल के दौरान हरमू रोड मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हंगामा के बीच दोनों समुदाय की ओर से नारेबाजी की जाने लगी। इससे गाड़ीखाना चौक के पास का माहौल तनावपूर्ण होने लगा। इसके बाद अफवाह भी तेजी से फैलने लगे। घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी अंशुमन, सिटी डीएसपी दीपक सहित हिंदपीढ़ी, जगन्नाथपुर, डेली मार्केट के थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। सिटी कंट्रोल रूम से अतिरिक्त पुलिस जवान मंगाये गये। पुलिस अधिकारियों ने हालात को काबू किया। गुस्साई भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया।