मतगणना से पहले EVM को लेकर उत्तर प्रदेश में मचा बवाल

उत्तर प्रदेश
Spread the love

उत्तर प्रदेश। सूबे में हुए चुनाव की मतगणना 10 मार्च को होनी है। इससे पहले वहां EVM को लेकर बवाल मचा हुआ है। समाजवादी पार्टी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने इसमें गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की है।

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओपी राजभर ने कहा कि 3 गाड़ियां EVM लेकर निकली है। ये बिना किसी को सूचित किए किया गया है। चुनाव आयोग की गाइडलाइन के मुताबिक उम्मीदवार को बिना बताए और बिना फोर्स के EVM को कहीं नहीं ले जाया जा सकता है। लेकिन उसे ढ़ककर ले जाया गया है। ये घटना दर्शा रही है कि भाजपा हताश होकर फर्जी तरीके से गड़बड़ी कर रही है। हमने इसकी शिकायत आयोग को दी है।

उधर, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने ईवीएम में गड़बड़ी का बहुत बड़ा आरोप लगा दिया है। अखिलेश यादव ने अंतिम चरण में बनारस में ईवीएम में गड़बड़ी का यह आरोप लगाया है। उन्‍होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं से चौकन्ना रहने का आह्वान किया। कहा कि हर जगह जहां काउंटिंग होनी है और जहां ईवीएम रखा है, वहां आप खुद निगरानी करिए। सपा प्रमुख ने अपने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने कैमरे के साथ अलर्ट रहने को कहा है, ताकि कुछ भी संदिग्ध हो तो वह कैमरे में कैद हो जाए।

इस मामले पर यूपी के मुख्‍य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि यह संज्ञान में लाया गया है कि वाराणसी में 8 मार्च को कुछ EVM गाड़ी में ले जायी जा रही थीं, जिन पर वहां उपस्थित राजनीतिक प्रतिनिधियों द्वारा आपत्ति की गई। जांच में यह पाया गया है कि ये EVM प्रशिक्षण के लिए चिन्हित थीं। प्रशिक्षण के लिए ले जायी जा रही इन EVM को कुछ राजनीतिक लोगों ने वाहन को रोक कर उसे चुनाव में प्रयुक्त EVM कह कर अफवाह फैलाई। मतदान में प्रयुक्त सभी EVM स्ट्रॉग रूम के अंदर सील बंद हैं और सुरक्षित हैं।