नई दिल्ली। केंद्र की मोदी सरकार ने 80 करोड़ लोगों को सौगात दी है। केंद्रीय कैबिनेट ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को 6 महीने के लिए बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। अब 30 सितंबर, 2022 तक इस योजना का लाभ मिलेगा। योजना की समय सीमा 31 मार्च, 2022 को खत्म हो रही थी।
कैबिनेट के इस फैसले से देश के 80 करोड़ से अधिक लोग पहले की तरह ही योजना का लाभ उठा सकेंगे। कोरोना संकट के दौरान प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का मार्च, 2020 में एलान किया गया था। गरीब कल्याण अन्न योजना का मकसद कोरोना महामारी के दौरान लोगों को हुई परेशानी को दूर करना था।
शुरुआत में इस योजना को अप्रैल-जून 2020 की अवधि के लिए लॉन्च किया गया था। बाद में इसे 30 नवंबर तक बढ़ा दिया गया था। इसके बाद इसे 31 मार्च, 2022 तक बढ़ाया गया। अब इसे 30 सितंबर, 2022 तक बढ़ा दिया गया है।
कोरोना संक्रमण के बाद लॉकडाउन की वजह से रोजी-रोटी के लिए परेशान लोगों को सरकार ने मुफ्त राशन योजना शुरू की थी। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत गरीबों को प्रति व्यक्ति 5 किलो खाद्यान्न मुफ्त मिलता है।