भारत vs श्रीलंका, डे-नाइट टेस्ट: सीरीज जीत से नौ विकेट दूर टीम इंडिया

खेल देश
Spread the love

नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे डे-नाइट टेस्ट में भारत ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत जीत से केवल नौ विकेट दूर है। भारत ने दूसरी पारी 303/9 पर घोषित करते हुए श्रीलंका को 447 रनों का लक्ष्य दिया है।

श्रीलंका ने दूसरी पारी में एक विकेट के नुकसान पर 28 रन बना लिए हैं। दिमुथ करुणारत्ने 10 रन बनाकर नाबाद हैं। कुशल मेंडिस भी 26 गेंदों में 16 रन बनाकर क्रीज पर बने हुए हैं। इसपे पहले श्रीलंका की पहली पारी में पूरी टीम 109 के स्कोर पर सिमट गई थी। 109 का स्कोर श्रीलंका के लिए टेस्ट में भारत के खिलाफ दूसरा सबसे कम स्कोर हो गया है। 1990 में चंडीगढ़ में श्रीलंका 82 के स्कोर पर सिमटी थी।

खेल के दूसरे दिन ऋषभ पंत ने केवल 28 गेंदों में अर्धशतक लगा दिया और भारत के लिए सबसे तेज टेस्ट अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड कपिल देव के नाम था जिन्होंने 1982 में कराची में 30 गेंदों में पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतक लगाया था। बता दें, भारतीय जमीं पर टेस्ट में यह दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है। भारत में सबसे तेज टेस्ट अर्धशतक शाहिद अफरीदी (26 गेंद) ने लगाया है।

वहीं, पहली पारी में 92 रन बनाने वाले श्रेयस अय्यर ने दूसरी पारी में भी शानदार बल्लेबाजी की और 67 रन बनाए। वह डे-नाइट टेस्ट की दोनों पारियों में अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।