बिहार के सारण में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क हादसे में चार महिलाओं की मौत

देश बिहार
Spread the love

छपरा। बिहार के सारण जिले में देर रात शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं। जानकारी के अनुसार एसएच-73 पर शादी की रस्म अदायगी करतीं महिलाओं को एक बेकाबू ट्रक ने रौंद दिया।

इस कारण 4 महिलाओं की मौत हो गई। घटना मशरक-मलमलिया मुख्य पथ की है। घटनास्थल पर ही तीन महिलाओं की मौत हो गई। एक की मौत इलाज के दौरान हो गई। कई लोग घायल हैं, उन्‍हें स्‍थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घायलों की स्थिति नाजुक देख बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया गया है।

स्‍वजनों ने बताया कि निकाह के लिए बारात गई थी। इसके बाद घर के आगे महिलाएं कुछ रस्‍म पूरी कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ़्तार में आया अनियंत्रित ट्रक महिलाओं को कुचलता चला गया। घटना के बाद चीख पुकार मच गई। घटनास्‍थल पर तीन महिलाओं ने दम तोड़ दिया। घायल एक महिला की अस्‍पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। चार महिलाएं घायल हैं।

आक्रोशित लोगों ने मशरक-मलमलिया मुख्य पथ एसएस 73 को जाम कर दिया। आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजेश कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंच मामले की जांच-पड़ताल में जुट गये हैं, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे। करीब छह घंटे बाद सुबह साढ़े चार बजे लोगों ने जाम हटाया। सुबह में जाम समाप्‍त होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्‍टमार्टम के लिए भेज दिया है।