
- 216 वाहनों की जांच, 35 वाहनों से वसूला गया 7.58 लाख का जुर्माना
रांची। टैक्स डिफॉल्टर और ओवरलोड चलने वाले वाहनों के खिलाफ 29 मार्च, 2022 को जिला परिवहन पदाधिकारी प्रवीण प्रकाश ने विशेष जांच अभियान चलाया। दलादली चौक और रातू क्षेत्र में सुबह 5 बजे से ही अभियान की शुरुआत कर दी गई। इस दौरान 200 से ज्यादा वाहनों की जांच की गई। लाखों रुपये फाइन वसूला गया। साथ ही कुछ वाहनों को जब्त भी किया गया।
3 वाहन जब्त किये गये
विशेष जांच अभियान के दौरान 216 वाहनों की जांच की गई। टैक्स डिफॉल्टर वाहन, ओवरलोड, पॉल्युशन और परमिट सहित अन्य कागजात सही नहीं होने पर 35 वाहनों से 7,57,950 का जुर्माना वसूला गया। अभियान के दौरान 3 वाहनों को जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा जब्त भी किया गया।
नियमानुसार होगी कार्रवाई
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि पूर्व में ही वाहन मालिकों से आग्रह किया गया था कि सभी तरह के कागजात वैध और अपडेट रखें। बिना कागजात दुरुस्त कर चलने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला जाएगा। उन्होंने कहा कि मोटर व्हीकल एक्ट का पालन नहीं करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कड़ी कार्रवाई की जाएगी
छापेमारी के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी ने गिट्टी, ईट आदि लदे वाहनों को जब्त किया। उन्होंने कहा कि नियमों को ताक पर रखकर सड़क पर कोयला और कंस्ट्रक्शन मैटेरियल ढोने वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीटीओ ने कहा कि वाहन क्षमता से अधिक लोड और सामग्री को बिना ढंककर नहीं चलें। ऐसा करने पर मोटर वाहन अधिनियम 1988 की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी चला था अभियान
दलादली चौक और रातू क्षेत्र में 27 नवंबर 2021 को भी डीटीओ द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया था। उसमें 51 वाहनों से 9 लाख 71 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया था। 5 वाहनों को जब्त किया गया था। 12 फरवरी, 2022 को चलाए गए। अभियान में 42 वाहनों से 8.50 लाख जुर्माना वसूला गया और 5 वाहनों को जब्त किया गया था।