मुंबई। रूस राष्ट्रपति ने पूर्वी यूक्रेन के विद्रोही इलाके दोनेत्स्क और लुहांस्क को स्वतंत्र देश की मान्यता देकर दुनियाभर में हलचल मचा दी है। पुतिन ने जिस शासनादेश पर दस्तखत किए हैं उसे देखकर कहा जा रहा है कि रूसी सेना जल्दी ही सीमा पार कर यूक्रेन में प्रवेश करने वाली है।
इस बीच यूक्रेन में रूस के ताजा कदम के बाद न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाई गई है। अपने नागरिकों को यूक्रेन से निकलने के लिए भारत ने एयर इंडिया का विशेष विमान रवाना कर दिया है। एयर फ्रांस समेत कई एयरलाइंस ने हमले की आशंका को देखते हुए यूक्रेन के लिए अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं।
अमेरिका ने यूक्रेन में बचे अपने बाकी राजनयिकों को पोलैंड भेज दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने भी अपने दूतावास के कर्मचारियों को बाहर निकाला लिया है। अमेरिका ने संकेत दिया है कि वो रूस पर प्रतिबंधों का एलान कर सकता है। व्हाइट हाउस के मुताबिक, हम उन प्रतिबंधों पर अपने सहयोगी देशों और भागीदारों के साथ संपर्क में हैं और आपसी बातचीत कर रहे हैं।
यूक्रेन और रूस में बढ़ते तनाव के बीच एशियाई शेयर बाजार में भारी गिरावट आई है। भारतीय शेयर बाजार में 1200 अंकों की गिरावट आई है। जापान के निक्केई 225 सूचकांक में दो फीसदी की गिरावट देखी गई। दक्षिण कोरिया के कोस्पी में भी बाजार खुलते ही 1.4% धड़ाम हो गया।