कल से बारिश से राहत, तेज गति से चलेगी हवा, घटेगा तापमान

झारखंड मौसम
Spread the love

रांची। झारखंड में 5 फरवरी से बारिश से राहत मिलेगी। आसमान हल्‍के बादल छाये रहेंगे। तेज गति से हवा चलेगी। तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। अपेक्षाकृत सर्दी बढ़ेगी। शुक्रवार को राज्‍य के लगभग सभी जिलों में हल्‍की से मध्‍यम दर्जे की बारिश हुई। रांची में कई जगहों पर ओले भी पड़े। यह जानकारी रांची स्थित मौसम केंद्र ने 4 फरवरी को दी।

मौसम केंद्र के वै‍ज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि सरस्‍वती पूजा के दिन यानी 5 फरवरी को मौसम शुष्‍क रहेगा। सुबह में कोहरा या धुंध छाया रहेगा। बाद में आंशिक बादल छाये रहेंगे। हवा 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलेगी। तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

मौसम केंद्र के अनुसार राज्‍य में अगले दो दिनों में न्‍यूनतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। इसके बाद तापमान में कोई बड़े बदलाव की उम्‍मीद नहीं है।

राज्‍य में 6 से 9 फरवरी तक मौसम शुष्‍क रहेगा। सुबह में कोहरा या धुंध छाया रहेगा। इसके बाद आसमान साफ हो जाएगा। मौसम केंद्र के मुताबिक राज्‍य में कुछ जगहों पर 10 फरवरी को हल्‍की से मध्‍यम दर्जे की बारिश हो सकती है।