लोहरदगा में फिर पुलिस-नक्‍सली में मुठभेड़, देखें वीडियो

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। झारखंड के लोहरदगा जिले के अति उग्रवाद प्रभावित पेशरार थाना क्षेत्र के बुलबुल नाला के पास नक्‍सली और पुलिस रविवार भी मुठभेड़ हुई। दोनो तरफ से करीब आधे घंटे तक फायरिंग हुई। इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। सर्च अभियान में सुरक्षा बलों ने कई हथियार, कारतूस और नक्सली पिट्ठू भी बरामद किए हैं। पेशरार में भारतीय वायु सेना का हेलीकॉप्टर मॉक ड्रिल कर रहा है। घटनास्‍थल पर डीजीपी नीरज सिन्‍हा के आने की संभावना भी है।

जानकारी के मुताबिक 13 फरवरी की अहले सुबह नक्सली और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई है। दोनों तरफ से ही रुक-रुककर लगातार फायरिंग होती रही। सुरक्षा बलों को भारी पड़ता देख नक्सली वहां से भाग निकले। जिला पुलिस बल और सीआरपीएफ कोबरा बटालियन के जवान नक्सलियों के खिलाफ लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं। इस दौरान यह मुठभेड़ हुई। हालांकि मुठभेड़ की पुष्टि अब तक नहीं की गई है।

जानकारी हो कि पिछले तीन दिनों के दौरान बुलबुल जंगल के समीप नक्सलियों के साथ एनकाउंटर की यह तीसरी घटना है। लैंडमाइंस की चपेट में आने से अब तक सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो चुके हैं। उन्‍हें एयरलिफ्ट कर रांची के मेडिका अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के बंकर को भी ध्वस्त किया है। संयुक्त जवान बल के साथ पेशरार थाना प्रभारी ऋषि कांत शर्मा भी हैं।