
रांची। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सह राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव रांची पहुंच गये हैं। पटना से विमान से वह बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से सीधे मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाऊस पहुंच। इस दौरान प्रेस से कोई बात नहीं की। एयरपोर्ट पर झारखंड के श्रम मंत्री सत्यानंद भोगता सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
पहले वह 14 फरवरी को आने वाले थे। इस बीच उनका शेड्यूल बदल गया। वह 13 फरवरी को रांची पहुंच गयेद्य जानकारी हो कि चारा घोटाला के डोरंडा कोषागार मामले में 15 फरवरी को सीबीआई कोर्ट का फैसला आने वाला है। इसी सिलसिले में लालू यादव रांची पहुंचे हैं।
सीबीआई की विशेष अदालत में लालू यादव से जुड़े चारा घोटाला मामले में बहस पूरी हो गयी है। संयुक्त बिहार के वक्त पांच जिलों में हुये चारा घोटाले में डोरंडा कोषागार सबसे महत्वपूर्ण है। कारण यहीं से सबसे अधिक 139 करोड़ की अवैध निकासी हुई थी, जो चारा घोटाला का सबसे बड़ा मामला है।
फैसले के वक्त 15 फरवरी को लालू प्रसाद यादव को कोर्ट में रहने का आदेश दिया गया है। ऐसे में 15 फरवरी को लालू प्रसाद यादव कोर्ट में रहेंगे। चारा घोटाले मामले के अन्य चार मामलों में कोर्ट पहले ही लालू प्रसाद यादव को सजा दे चुका है।