पटना। लालू प्रसाद राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे। तमाम अटकलों को खारिज करते हुए पार्टी नेता अब्दुलबारी सिद्दीकी ने कहा है कि अभी पार्टी में किसी प्रकार का सांगठनिक फेरबदल नहीं होने जा रहा है। अक्तूबर में पार्टी का राष्ट्रीय अधिवेशन होगा, उसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा।
इससे पूर्व गुरुवार को राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक पटना के होटल मौर्य में हुई। पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद ने कार्यकारिणी का उद्घाटन किया। इस मौके पर उनके साथ छोटे बेटे और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के अलावा बड़ी बेटी मीसा भारती और बड़े बेटे तेज प्रताप यादव भी मौजूद थे। इस दौरान एलान किया गया कि पूरे बिहार में राजद का 26 फरवरी से सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। सदस्यता अभियान 20 जून तक चलेगा।
वहीं राज्य कार्यकारिणी का चुनाव 22 सितंबर को होगा। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक अक्तूबर में होगी। पंचायत, प्रखंड और जिला संगठन चुनावों की तिथि भी तय कर दी गई है। आज की कार्यकारिणी की बैठक में अगले राष्ट्रीय परिषद के कार्यक्रम का निर्धारण किया गया।
राजद महासचिव अब्दुल बारी सिद्धिकी ने कहा कि राष्ट्रीय अधिवेशन एक अक्तूबर को राजद के नए अध्यक्ष का चुनाव होगा। राष्ट्रीय कार्यकारिणी को अशफाक करीम, शिवानंद तिवारी आदि ने भी संबोधित किया और बिहार सरकार पर जमकर बरसे।