
मुंबई। काफी समय से एक्टर, प्रोड्यूसर फरहान अख्तर और शिबानी दांडेकर की शादी की खबरें आ रही हैं। पहले खबर मिल रही थी कि फरहान अपनी गर्लफ्रेंड शिबानी से 21 फरवरी को शादी करेंगे, लेकिन अब उन्होंने अपनी शादी के लिए 19 फरवरी का दिन चुना है। उनकी मां हनी ईरानी ने इस खबर पर मोहर लगा दी है।
हनी ने कहा, “शिबानी के दोस्तों ने उसकी मेहंदी समारोह का आयोजन किया है, जो कि अभी चल रहा है। हम बहुत खुश हैं। शादी 19 फरवरी को होगी। यह एक निजी समारोह होगा, जिसमें केवल करीबी रिश्तेदार और दोस्त शिरकत करेंगे।” यह शादी महाराष्ट्र के खंडाला में जावेद अख्तर के फार्महाउस पर होगी। ट्रेडिशनल महाराष्ट्रियन रीति-रिवाजों से कराई जाएगी। हनी ईरानी, जावेद अख्तर की पहली पत्नी हैं।
हालांकि बाद में उनका तलाक हो गया था और जावेद ने शबाना आजमी से दूसरी शादी कर ली थी। दरअसल, हनी एक जानी-मानी राइटर हैं। वह ‘लम्हे’, ‘क्या कहना’ और ‘कहो ना… प्यार है’ जैसी फिल्मों की कहानी लिख चुकी हैं।
बता दें, शिबानी और फरहान की पहली मुलाकात एक रियलिटी टीवी शो में हुई थी। इस शो को फरहान ने होस्ट किया था, वहीं शिबानी इस शो का हिस्सा बनी थीं। शिबानी से यह फरहान की यह दूसरी शादी होगी।
इससे पहले फरहान ने 2000 में सेलेब्रिटी हेयर स्टालिस्ट अधुना भबानी से शादी की थी। लेकिन, शादी के 16 साल बाद 2017 में उनका तलाक हो गया था। फरहान और अधुना की दो बेटियां भी हैं शाक्या और अकीरा।